भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के अपने पुराने साथी शिखर धवन को सबसे मजेदार खिलाड़ियों में से एक बताया है। शमी और धवन ने करीब एक दशक तक भारतीय टीम में साथ क्रिकेट खेला। जहां धवन ने तीनों प्रारूपों में बतौर सलामी बल्लेबाज अपनी सेवाएं दीं, वहीं शमी भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते रहे। क्रिकेटनेक्स्टऑफिशियल को दिए इंटरव्यू में जब शमी से टीम इंडिया के सबसे मजेदार खिलाड़ी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना देर किए शिखर धवन का नाम लिया। शमी ने धवन की मस्ती से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया।
शिखर धवन
- फोटो : ICC
हार के बाद भी माहौल खुशनुमा रखते थे धवन
शमी ने बताया कि धवन मैच हारने के बाद भी ड्रेसिंग रूम का माहौल हल्का-फुल्का बनाए रखते थे। उन्होंने कहा कि कभी-कभी टीम के मैच हारने के बाद सभी खिलाड़ी चेंजिंग रूम में शांत बैठे होते थे, लेकिन धवन कुछ अलग करने की कोशिश करते थे और जोर-जोर से हंसने लगते थे। शमी ने कहा, 'शिखर बहुत मजेदार हैं। वह ऐसी चीजें करते रहते हैं। मान लीजिए हम कोई मैच हार गए और सभी चेंजिंग रूम में आकर बैठे हैं। शिखर कुछ अलग करना चाहते हैं। वह बस जोर से हंसने लगेंगे। अगर मैं पूछूं कि क्यों हंस रहे हो, तो वह कहेंगे- क्योंकि हम हार गए।'
तेज गेंदबाज ने आगे बताया कि धवन कभी-कभी टेबल पर खड़े होकर पंजाबी गानों पर डांस भी करने लगते थे। शमी के मुताबिक, धवन की ऐसी हरकतें ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करती थीं। उन्होंने कहा, 'कभी भी वह टेबल पर खड़े हो जाते और पंजाबी संगीत पर डांस करने लगते। इन चीजों से ड्रेसिंग रूम का माहौल बनता था। हम भी इसका आनंद लेते थे, क्योंकि जीत और हार चलती रहती है। जब आप पूरे साल खेल रहे होते हैं तो जीत भी होगी और हार भी। लेकिन फिर ड्रेसिंग रूम में कोई बहुत ज्यादा दुखी माहौल में नहीं जाता।'
शमी
- फोटो : ANI
भारतीय टीम में पहली बार पहुंचे तो घबरा गए थे शमी
इसी इंटरव्यू में शमी ने भारतीय टीम के साथ अपने शुरुआती दिनों का एक और दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार टीम इंडिया से जुड़े थे तो टीम के कई बड़े खिलाड़ियों को देखकर वह काफी नर्वस हो गए थे। शमी ने बताया कि मैच से एक दिन पहले टीम की बैठक थी। जैसे ही वह कमरे में पहुंचे और आसपास देखा, उन्हें टीम में मौजूद लगभग हर खिलाड़ी ऐसा लगा, जिसका नाम उन्होंने कभी न कभी सपने में देखा था।
उन्होंने कहा, 'जब मैं पहली बार भारतीय टीम में शामिल हुआ तो मुझे नहीं पता था कि चीजें कैसे होती हैं। मैच से एक दिन पहले टीम की बैठक थी। जब मैं दरवाजे से अंदर गया और चारों तरफ देखा तो ऐसा कोई नाम नहीं था, जो मेरे सपने में न आया हो। मैं चुपचाप बैठ गया।'
युवराज सिंह
- फोटो : ANI
युवराज सिंह ने कुर्सी पर खड़ा करवा दिया
शमी ने बताया कि टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने उनसे कुर्सी पर खड़े होकर भाषण देने को कहा। लेकिन बड़े खिलाड़ियों के बीच पहुंचने की घबराहट में शमी कुछ ज्यादा बोल ही नहीं पाए। उन्होंने कहा, 'युवराज सिंह ने मुझे कुर्सी पर खड़े होने के लिए कहा। उन्होंने मुझसे भाषण देने को कहा। लेकिन इतने सारे नाम देखकर मैं सब कुछ भूल गया था। मैं ज्यादा कुछ नहीं कह पाया। मैंने सिर्फ अपना नाम और बताया कि मैं कहां से हूं। इसके आगे मैं कुछ नहीं बोल सका, क्योंकि मुझे कुछ याद ही नहीं आ रहा था।'