फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज के दिन: झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्र करेंगे विधानसभा घेराव, केजरीवाल की जमानत के खिलाफ हाईकोर्ट में सुनवाई

Mon, 10 Aug 2026 06:43 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज के दिन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
10 अगस्त 2026 सोमवार को श्रावन कृष्ण पक्ष की द्वादशी/त्रयोदशी है। आज का दिन देश और दुनिया में कई बड़े तकनीकी बदलावों, कोर्ट से जुड़े अहम मामलों और व्यापक जन-आंदोलनों का गवाह बनने जा रहा है। संसद से लेकर सड़कों तक और दिल्ली से काठमांडू तक सोमवार को कई बड़े घटनाक्रम होने वाले हैं।

विज्ञापन

1. रांची में जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का 'विधानसभा घेराव'

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने सोमवार को पूर्व-निर्धारित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को जारी रखने का एलान किया है। हाल ही में राज्य के मंत्रियों ने छात्र नेताओं से मिलकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उनकी मांगों को संवेदनशील तरीके से रखने का आश्वासन दिया था, लेकिन छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें आधिकारिक रूप से पूरी नहीं हो जातीं, तब तक सड़क पर उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
 

2. संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) का देशव्यापी चक्का जाम और 'जेल भरो' आंदोलन

भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) सोमवार से अपने बड़े आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत करने जा रहा है। इसके तहत देश भर में 1,000 से अधिक स्थानों पर जेल भरो, रेल रोको और सड़क रोको जैसे बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। इस आंदोलन की तैयारियों में पंजाब के भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती गांवों के किसान भी बड़ी संख्या में जुटे हैं जो तहसील स्तर पर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।


3. मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त कानूनी सुधारों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

सर्वोच्च न्यायालय सोमवार को अधिवक्ता अश्विनी कुमार उपाध्याय की तरफ से दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करने जा रहा है, जिसमें नशीली दवाओं की तस्करी के मामलों की समयबद्ध जांच, तस्करों की संपत्ति जब्त करने और देश भर में एक समान जांच प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। याचिका के मुताबिक, साल 2025 में नशीली दवाओं के मामलों में 53% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

4. केजरीवाल की जमानत के खिलाफ ईडी की अर्जी पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस याचिका पर सुनवाई होगी जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में निचली अदालत से मिली जमानत को चुनौती दी गई है। जस्टिस मनोज जैन की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी। केजरीवाल के वकीलों ने पूर्व में जांच एजेंसी द्वारा बार-बार स्थगन मांगे जाने पर सख्त विरोध जताया था।

5. संसद में कांग्रेस पार्टी का 'थ्री-लाइन व्हिप' लागू

कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सभी सांसदों को सोमवार से 12 अगस्त तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। इस दौरान 'विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026' और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा और मतदान होने की संभावना है। पार्टी के मुख्य सचेतक जयराम रमेश और के. सुरेश ने सभी सदस्यों को सुबह 11:00 बजे से सदन स्थगित होने तक उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

6. दिल्ली विधानसभा में वर्ष 2024-25 की सीएजी रिपोर्ट पेश होगी

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सोमवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता राज्य वित्त (वर्ष 2024-25) पर भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पटल पर रखेंगी। इसके अलावा, आईटी मंत्री पंकज कुमार सिंह नागरिकों को समयबद्ध सरकारी सेवाएं देने से जुड़ा विधेयक और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा दिल्ली बेड एंड ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान (निरसन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। सदन में दिल्ली लक्ष्मी योजना के बधाई प्रस्ताव पर भी आगे चर्चा होगी।


7. नेपाल के पीएम बलेंद्र शाह 'बालेन' की भारतीय और चीनी राजदूतों से मुलाकात

नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह 'बालेन' सोमवार को काठमांडू में भारत और चीन के राजदूतों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। वे सुबह भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव और दोपहर में चीनी राजदूत झांग माओमिंग से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे। पद संभालने के 100 से अधिक दिनों बाद उनकी पहली एक-पर-एक राजनयिक बैठकें होंगी, जो तराई क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा के कारण टल गई थीं।
विज्ञापन

8. तेलंगाना में बारिश के लिए नागार्जुन सागर पर 'वरुण यज्ञ'

मानसून में बारिश की भारी कमी को देखते हुए तेलंगाना सरकार सोमवार को नागार्जुन सागर जलाशय पर बड़े पैमाने पर वरुण यज्ञ आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देशों पर यदागिरीगुट्टा मंदिर के पुजारियों द्वारा यह विशेष अनुष्ठान किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं दोपहर 3:24 बजे यज्ञ की 'पूर्णाहूति' (समापन समारोह) में सम्मिलित होंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें