आईपीएल 2024 की शुरूआत 22 मार्च से होगी। रविवार (24 मार्च) को गुजरात टाइटंस अपने अभियान का आगाज मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से करेगी। इससे पहले गुजरात की टीम को मोहम्मद शमी के रूप में तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, तेज गेंदबाज की हाल ही में सर्जरी हुई है जिसकी वजह से उनका टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल है।
अब 33 वर्षीय गेंदबाज ने अपनी हेल्थ को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी सर्जरी को हुए 15 दिन बीत चुके हैं। वह जल्द से जल्द ठीक होना चाहते हैं। फिलहाल वह अपने रिकवरी प्रॉसेस पर ध्यान दे रहे हैं। बीसीसीआई ने मंगलवार को उनकी हेल्थ पर अपडेट देते हुए साफ किया था कि वह आगामी टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे।
तेज गेंदबाज ने दिया हेल्थ पर अपडेट
शमी ने लिखा, "सभी को हैलो। मैं अपने रिकवरी प्रोग्रेस को लेकर एक अपडेट देना चाहता हूं। सर्जरी हुए 15 दिन बीत चुके हैं और और टांके हटा दिए गए हैं। मैंने जो प्रगति हासिल की है उसके लिए मैं आभारी हूं और अपने ट्रीटमेंट के अगले चरण की प्रतीक्षा कर रहा हूं।"
आईपीएल से बाहर हुए शमी
भारत के लिए वनडे विश्व कप 2023 में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज हाल ही में एड़ी की सर्जरी के लिए लंदन गए थे। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। मंगलवार को बीसीसीआई ने तेज गेंदबाज को आईपीएल 2024 से बाहर कर दिया। बोर्ड ने कहा, "तेज गेंदबाज की दाहिनी एड़ी की समस्या के लिए 26 फरवरी, 2024 को सफलतापूर्वक सर्जरी की गई। फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें आगामी टाटा आईपीएल 2024 से बाहर कर दिया गया है।"