पाकिस्तान में काफी हो-हल्ला मचा लेकिन वहां के क्रिकेट बोर्ड पीसीबी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए जेल जा चुके क्रिकेटर को फिर से अपनी टीम में शामिल कर लिया है।
पाक ने न्यूजीलैंड दौरे के दौरान आगामी वनडे और टी-20 सीरीज के लिए तेज गेंदबाद मोहम्मद आमिर को फिर से पाक टीम में शामिल किया है। 2010 में लॉर्ड्स टेस्ट में स्पॉट फिक्सिंग में शामिल होने के कारण प्रतिबंधित किए जाने के बाद आमिर को पहली बार टीम में रखा गया है। आमिर वनडे और टी-20 दोनों ही टीम में रखे गए हैं।
23 वर्षीय आमिर पिछली बार पाकिस्तान के लिए अगस्त 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में खेले थे तब लार्ड्स में स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण सामने आया था। तब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आमिर सिर्फ 18 साल के थे और तब तक वह 14 टेस्ट, 15 वनडे और 18 टी-20 मैच खेल चुके थे।
सजायाफ्ता तेज गेंदबाज आमिर के फिर से टीम में शामिल किए जाने से नाराज पाक टीम के कप्तान अजहर अली ने पहले कप्तानी पद छोड़ने की धमकी दी थी लेकिन पीसीबी ने उन्हें ऐसा नहीं करने के लिए मना लिया। अजहर को इस दौरे के लिए वनडे टीम का कप्तान बरकरार रखा गया है। कप्तान अजहर की तरह बल्लेबाज मोहम्मद हाफिज ने भी आमिर के चयन का विरोध किया था और उन्हें भी टीम में शामिल किया गया है।
टीम इंडिया की तरह पाकिस्तान भी नए साल की शुरुआत 15 जनवरी से कर रही है। पाक न्यूजीलैंड में किवी टीम से 3-3 मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज खेलेगी। पहला टी-20 ऑकलैंड में 15 को खेला जाएगा। इसके बाद 25 जनवरी से वनडे सीरीज शुरू होगी। भारतीय टीम भी इस समय ऑस्ट्रेलिया में होगी।