भारतीय कप्तान ने कहा, 'अगर हम शुरुआत में विकेट गंवा देते हैं, तो भी हमारे पास मध्यक्रम में पारी संभालने वाले अनुभवी बल्लेबाज हैं। अगर हमें अच्छी शुरुआत मिलती है, तो उस लय को आगे बढ़ाएंगे। हमारे पास ऐसा करने के लिए बल्लेबाजी में गहराई है।' इस 38 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। इंग्लैंड को घरेलू परिस्थितियों से फायदा मिलेगा, लेकिन इंग्लिश लीग में खेलने का अनुभव भारतीय टीम को श्रृंखला में मदद करेगा। उन्होंने कहा, 'हम विश्व कप की तैयारी को लेकर वास्तव में सकारात्मक हैं। लड़कियों ने टेस्ट ड्रॉ के लिए जिस तरह से प्रदर्शन किया, उससे पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। इंग्लैंड एक बहुत अच्छी टीम है, जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है।'
उन्होंने कहा, 'उन्हें घरेलू परिस्थितियों में खेलने का फायदा होगा। लेकिन हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने यहां इंग्लैंड में लीग खेली हैं, हम उनसे जानकारी लेंगे और इससे हमें अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।' भारत को मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था और कप्तान चाहती हैं कि टीम न्यूजीलैंड में विश्व कप को ध्यान में रखते हुए जीत की राह पर लौटे। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड में इंग्लैंड से तेज हवा चलती है। मैं यह नहीं कहूंगी कि परिस्थितियां एक जैसी होगी लेकिन कमोबेश वहां के विकेट कहीं बेहतर हैं। पिछली बार जब हम वहां खेले थे, तो यह एक अच्छी एक दिवसीय श्रृंखला थी। हमारी तैयारी शुरू हो चुकी है, जब हम श्रृंखला में उतरते हैं तो हम हमेशा जीत की ओर देखते हैं।'