मिताली राज ने अपनी बल्लेबाजी से देश में महिला क्रिकेट को नया आयाम दिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने भारत के लिए बड़ी पारियां खेलकर अपनी क्रिकेट क्षमता का परिचय दिया है। मिताली भारत की सबसे बढ़िया बल्लेबाज हैं। हाल ही में संपन्न हुए विश्व कप में भारत को फाइनल तक पहुंचाने में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। 34 वर्षीय मिताली पिछले कई सालों से टीम इंडिया की जीत में जबरदस्त योगदान दे रही हैं। हालिया विश्व कप में इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स के 5992 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए वन डे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली मिताली का इस फार्मेट में औसत 50 से भी अधिक का है। वह वन डे में छह हजार रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी हैं।
मिताली ने 186 वन डे मैच खेलते हुए 6190 रन बनाए हैं
मिताली राज
- फोटो : icc
मिताली ने अंतरराष्ट्रीय कैरियर में 186 वन डे मैच खेलते हुए 6190 रन बनाए हैं। उनके नाम 6 शतक तथा 49 अर्धशतक हैं। 10 टेस्ट में उन्होंने 1 शतक के साथ 663 रन बनाए हैं। टेस्ट में उन्होंने नाबाद 214 रनों की पारी खेली है। टेस्ट क्रिकेट में यह दूसरा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 63 मैच खेलते हुए 1708 रन बनाए हैं। 10 अर्धशतक लगाए हैं। राजस्थान के जोधपुर में जन्मीं मिताली ने 10 साल की उम्र में बल्ला थामा और जीवन के 17 वें बसंत आने तक उन्हें टीम इंडिया में जगह मिल गई।
मिताली ने अपने पहले वन डे में ही शतक जड़ दिया था
मिताली राज
- फोटो : ESPN
मिताली ने वनडे क्रिकेट में जो शुरुआती पांच शतक जड़े थे उनमें सभी में वह नाबाद रहीं। मिताली ने अपने पहले वन डे में ही शतक जड़ दिया था। 1999 में आयरलैंड के खिलाफ मिताली ने नाबाद 114 रनों की पारी खेली। इस तरह वह वन डे में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली खिलाड़ी बनीं। पहले वन डे में ही उनसे पहले चार महिला खिलाड़ियों ने शतक लगाया था। मिताली ने वन डे में लगातार सात बार अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया है।