ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श ने इस बात का खुलासा किया है कि उन्होंने तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन शुभमन गिल का कैच लपकने के बाद क्यों आक्रामक तरीके से जश्न मनाया था। मार्श ने सोमवार को मिचेल स्टार्क की गेंद पर भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल का हवा में छलांग लगाकर शानदार कैच लपका था। मार्श ने साथ ही स्वीकार किया कि वह फील्डिंग के दौरान गली क्षेत्र में खड़े रहने के दौरान काफी नर्वस रहते हैं।
मार्श ने बताया कि उन्होंने इसलिए गिल को आउट करने के बाद आक्रामक तरीके से जश्न मनाया क्योंकि वह टीम के सदस्यों को हंसाना चाहते थे। मार्श को कैमरुन ग्रीन की जगह गली क्षेत्र में तैनात किया गया और उन्होंने ग्रीन की कमी महसूस नहीं होने दी।
'गली में फील्डिंग करने से होती है घबराहट'
मार्श ने तीसरे दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मुझे लगता है कि जब से मैं टेस्ट टीम में वापस आया हूं, गली में फील्डिंग करते समय मैं सबसे अधिक घबराहट महसूस करता हूं। इस स्थान के लिए ग्रीन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। आप उस स्थान अगर कोई कैच टपका देंगे तो आपकी तुलना ग्रीन से की जाएगी। मैं खेल के दौरान किसी भी समय ऐसा कर सकता हूं। ईमानदारी से कहूं तो शायद मुझे डाइव लगाने की जरूरत भी नहीं थी लेकिन मैंने सोचा कि थोड़ा सा समय है तो यह मजेदार होगा। मुझे वहां क्षेत्ररक्षण करना पसंद है, लेकिन स्क्वायर लेग पर होना भी उतना ही अच्छा है।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अगर आप 450 रन के आस पास स्कोर खड़ा करते हैं तो यह हमेशा सकारात्मक होता है। ऐसे में टीम के पास खासकर नई गेंद से आक्रामक रूख अख्तियार करने का मौका होता है। इस मैच में हमारी कोशिश 20 विकेट लेने की है। हम और छह विकेट लेकर आगे की रणनीति के बारे में सोचेंगे।
फॉलोऑन को लेकर क्या बोले मार्श?
मार्श ने भारत को फॉलोऑन करने के बारे में पूछे जाने पर कहा, इस तरह का मौका बनाने के लिए हमें और छह विकेट जल्दी लेने होंगे। लेकिन हम जानते हैं कि इस टेस्ट को जीतने के लिए हमें 20 विकेट लेने होंगे और मुझे लगता है कि सारी बातचीत और सारी योजना इस बात पर होगी कि हम यह कैसे करें। उम्मीद है कि मौसम सही रहेगा और फिर कल से पिच में अधिक दरार होगी। हम देखेंगे क्या कर सकते हैं।