क्रिकेट का महासंग्राम यानी वर्ल्ड कप के शुरू होने में महज एक महीने का वक्त रह गया है। हर बार की तरह इस बार भी वर्ल्ड कप के बाद दुनिया के कई बड़े सितारों का करियर खत्म होने वाला है। लेकिन अभी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उसे झटके लगने लगे हैं।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने पिछले महीने ने ही वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। उनके बाद अब उन्हीं की टीम के कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने भी इस टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद क्रिकेट के सीमित ओवरों (वनडे और टी-20) के मुकाबले छोड़ने की बात कह डाली है। हालांकि उनका कहना है कि वह टेस्ट क्रिकेट खेलते रहेंगे।
उन्होंने क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो से कहा, "सात दिन पहले ही मैंने पीसीबी को बता दिया था कि यह वनडे और टी-20 क्रिकेट छोड़ने का सही वक्त है, लेकिन मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना जारी रखूंगा। मैंने इसके बारे में काफी कुछ सोचा। वर्ल्ड कप एक खास टूर्नामेंट है और मैं इसमें अच्छा खेलना चाहता हूं और इसके बाद छोड़ना।" वर्ल्ड कप के बाद अफरीदी और मिस्बाह के संन्यास ले लेने से पाक टीम के सामने एक नए कप्तान की समस्या फिर उठ खड़ी होगी।