पाकिस्तान के मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता मिसबाह-उल-हक ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के दौरे के लिए आमंत्रित किया है। मिसबाह का कहना है कि इंग्लैंड अगर जवाबी दौरा करती है तो यह काबिले तारीफ होगा, उन्होंने खिलाड़ियों की सुरक्षा का भी आश्वासन दिया।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच हाल ही में तीन मैचों की श्रृंखला खेली गई जो इंग्लैंड ने जीती। मिसबाह ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए कॉलम में लिखा, 'भविष्य की बात करें तो इंग्लैंड टीम पाकिस्तान आती है तो बहुत अच्छी बात होगी।'
उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड के कई खिलाड़ी एचबीएल पाकिस्तान सुपर लीग 2020 में खेले थे, इसके बाद श्रीलंका, बांग्लादेश और एमसीसी की टीमें आई। इससे पहले विश्व एकादश और वेस्टइंडीज टीमें आई थी। दुनिया भर के खिलाड़ियों को पता है कि पाकिस्तान में किस दर्जे की सुरक्षा मिलती है और उनका किस तरह इस्तकबाल होता है। पाकिस्तानी क्रिकेटप्रेमी भी अपनी धरती पर क्रिकेट देखना चाहते हैं।'
मिसबाह ने कहा, 'इसी तरह से मुश्किल समय में एक दूसरे की मदद कर सकते हैं। पूरे क्रिकेट समुदाय को एक दूसरे का साथ देना चाहिए ताकि खेल का प्रचार हो सके और क्रिकेटप्रेमियों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके।'