श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप करने के बाद ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाने वाली टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर आ रही है।
भारत के लिए यह खबर जहां काफी सुकून देने वाली है वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए यह किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में जमकर बल्लेबाजी करने वाले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कप्तान माइकल क्लार्क टेस्ट सीरीज से दूर हो सकते हैं।
वह लंबे समय से हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं और इस बात की पूरी संभावना है कि वह सीरीज से बाहर हो सकते हैं।
33 वर्षीय बल्लेबाज और कप्तान क्लार्क की चोट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में एक बार फिर उभर आया है और टीम अधिकारियों की मानें तो उन्हें अब सर्जरी से गुजरना पड़ सकता है। इसके बाद उन्हें इस सीरीज से हटना पड़ गया और उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम की अगुवाई जॉर्ज बैली कर रहे हैं।