अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम फाइनल में पहुंच चुकी है। सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराया। इस मैच में भारतीय कप्तान यश धुल ने 110 रन की बेहतरीन पारी खेली। भारत की इस शानदार जीत के बाद इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने भारतीय टीम की तारीफ की है। उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान यश धुल की भी प्रशंसा की है। फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया था।
यश धुल की 110 रन की पारी के बाद माइकल वॉन ने ट्विटर पर लिखा "भारत की अंडर-19 टीम की बल्लेबाजी उच्च दर्जे की दिखती है। भारतीय टीम का भविष्य सुरक्षित दिख रहा है। यह धुल असाधारण नजर आ रहे हैं।"
सेमीफाइनल में यश धुल ने बनाया खास रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 110 रन की पारी खेलने वाले यश धुल तीसरे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने अंडर-19 विश्वकप में शतक लगाया है। उनसे पहले विराट कोहली और उनमुक्त चंद यह कारनामा कर चुके हैं। विराट कोहली ने 2008 और उनमुक्त चंद ने 2012 में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए शतक लगाया था। ये दोनों खिलाड़ी भारत को ट्रॉफी जिताने में भी कामयाब रहे थे। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि यश धुल भी भारत को खिताब जिताकर ही लौटेंगे।
लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचा भारत
भारतीय टीम लगातार चौथी बार और रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची है। भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है। टीम इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और इस साल फाइनल में पहुंची है। भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता था। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। भारत सबसे ज्यादा चार बार यह टूर्नामेंट जीत चुका है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार अंडर-19 विश्वकप जीता है।
इंग्लैंड से होगा फाइनल मुकाबला
अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड की टीम से होगा। इंग्लैंड ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इंग्लैंड की टीम 1998 में इस वर्ल्डकप की विजेता बनी थी। इसके बाद यह टीम कुछ खास नहीं कर पाई है। पिछले टूर्नामेंट इंग्लैंड की टीम काफी नीचे रही थी। इस बार इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी बेहतरीन लय में हैं। खासकर उनके लेग स्पिन गेंदबाज रेहान अहमद शानदार फॉर्म में हैं। भारत को उनसे सावधान रहने की जरूरत होगी।