ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी माइकल डि वेनुटो को भारत दौरे से पहले नेशनल क्रिकेट टीम का नया बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए नौ वन-डे खेल चुके डि वेनुटो फिलहाल तस्मानिया टाइगर्स और होबर्ट हरीकेंस के सहायक कोच हैं लेकिन नया पद संभालने के बाद वह इस्तीफा दे देंगे।
ऑस्ट्रेलियाई कोच मिकी आर्थर ने कहा कि डि वेनुटो के पास प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अपार अनुभव है और बतौर कोच भी वह काफी अनुभवी हैं। डि वेनुटो ऑस्ट्रेलियाई टीम के भारत दौरे की शुरुआत से काम संभालेंगे।
22 फरवरी से शुरू होगी सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज 22 फरवरी से शुरू हो रही है। सीरीज के मैच चेन्नई, हैदराबाद, मोहाली और दिल्ली में खेले जाएंगे। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 22 से 26 फरवरी तक चेन्नई में खेला जाएगा।
दूसरा टेस्ट मैच 2 से 6 मार्च तक हैदराबाद में, तीसरा टेस्ट मैच 14 से 18 मार्च तक मोहाली में और चौथा टेस्ट मैच 22 से 26 मार्च तक दिल्ली में खेला जाएगा।