ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क टखने में चोट की वजह से श्रीलंका के खिलाफ अंतिम वनडे से बाहर हो सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी किए गये बयान में कहा गया है कि क्लार्क का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति के बारे में अधिक जानकारी मंगलवार शाम तक उपलब्ध हो पाएगी।
रविवार को चौथे वनडे के रद्द होने के बाद श्रीलंका टीम इस सीरीज में 2-1 से आगे है। ऑस्ट्रेलिया हर हाल में सीरीज का अंतिम मैच जीत सीरीज को ड्रॉ करना चाहेगा। जबकि श्रीलंकाई टीम इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।
श्रीलंका ने वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर रखा है। दूसरे और तीसरे वनडे में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी है। जबकि चौथा वनडे बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। चौथे मैच में श्रीलंकाई टीम 223 रनों के लक्ष्य तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। उसके दसों विकेट सलामत थे और इसे 46.4 ओवरों में 209 रनों की आवश्यकता थी लेकिन अंपायरों ने वर्षा की वजह से मैच रद्द कर दिया।