धुरंधर की चर्चित अभिनेत्री सारा अर्जुन रविवार को वानखेड़े पहुंचीं। इस दौरान वह मुंबई इंडियंस की जर्सी पहने नजर आईं, जिसने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो रहा है। आइये देखते हैं...
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले गए मुकाबले में मैदान के बाहर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस हाई-वोल्टेज मैच के दौरान फिल्म धुरंधर की चर्चित एक्ट्रेस सारा अर्जुन ने वानखेड़े पहुंचकर माहौल को और खास बना दिया।
विज्ञापन
सारा पर छाया MI का खुमार
मुंबई इंडियंस की जर्सी पहने सारा अर्जुन स्टेडियम के बाहर में टीम को जोरदार सपोर्ट करती नजर आईं। उनकी मौजूदगी ने फैंस के बीच अलग ही जोश भर दिया। जैसे ही कैमरा उन पर गया, प्रशंसक गदगद हो गए। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें काफी तेजी से वायरल हो रही हैं।
रोहित शर्मा-रेयान रिकेल्टन
- फोटो : ANI
रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, वॉर्नर को पीछे छोड़ा
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने केकेआर के खिलाफ बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। मैच से पहले वह इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर थे और डेविड वॉर्नर से आगे निकलने के लिए उन्हें 11 रनों की जरूरत थी। वानखेड़े में ओपनिंग करते हुए रोहित ने यह आंकड़ा पार कर लिया और अब वह आईपीएल में केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वॉर्नर ने 28 पारियों में कोलकाता के गेंदबाजी अटैक के सामने 1093 रन बनाए। अब रोहित के नाम 36 पारियों में 1094* रन हो गए।
मुंबई ने तोड़ा हार का सिलसिला
रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 14 साल से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। दरअसल, मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का ओपनिंग मुकाबला जीता था। इसके बाद से वह लगातार 14 साल तक ओपनिंग मैच नहीं जीत पाई थी। अब टीम ने केकेआर को हराकर इस अनचाहे रिकॉर्ड से पीछा छुड़ा लिया है।
रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शतकीय साझेदारी की सहायता से 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।