हीली मैथ्यूज और अमेलिया केर की शानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मुकाबले में गुजरात जाएंट्स को नौ रनों से हराया। गुजरात के लिए भारती फुलमाली ने 25 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 61 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम निर्धारित ओवर में 170 रन पर ऑलआउट हो गई। मुंबई की टीम इसके साथ ही सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है।
फुलमाली की तूफानी पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और उसने 92 रनों के अंदर छह विकेट गंवा दिए। इसके बाद फुलमाली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और सातवें विकेट के लिए सिमरन शेख के साथ मिलकर 50 रनों की साझेदारी की। फुलमाली ने इस दौरान 22 गेंदों पर पचासा पूरा किया। अमेलिया केर ने हालांकि, फुलमाली का विकेट लिया और मुंबई की मैच में वापसी कराई। फुलमाली के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकीं जिससे गुजरात को हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात के लिए फुलमाली के अलावा हरलीन देओल ने 24 रन बनाए, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 22, सिमरन शेख ने 18, काश्वी गौतम ने 10, डियांड्रा डोटिन ने 10 और प्रिया मिश्रा ने एक रन बनाए। मुंबई की ओर से मैथ्यूज और केर ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, शब्निम इस्माइल ने दो विकेट लिए और संस्कृति गुप्ता को एक विकेट मिला।
मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही
इससे पहले, गुजरात जाएंट्स की कप्तान एश्ले गार्डनर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ डब्ल्यूपीएल के मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों ही टीमों ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी क्योंकि पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाजी अमेलिया केर रन आउट हो गईं और नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद हीली ने ब्रंट के साथ मिलकर पारी को संभाला और पावरप्ले समाप्त होने तक गुजरात को अन्य कोई सफलता हासिल नहीं करने दी।
पहला झटका लगने के बावजूद मुंबई इंडियंस ने गुजरात जाएंट्स के खिलाफ डब्ल्यूपीएल के मुकाबले में सधी हुई शुरुआत की। मुंबई के लिए हीली मैथ्यूज ने अच्छी बल्लेबाजी की और उनका साथ दूसरे छोर पर नताली सीवर ब्रंट निभाया। हीली हालांकि, 27 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद हरमनप्रीत और ब्रंट के बीच तीसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हुई जिसे गार्डनर ने तोड़ा। ब्रंट 31 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुईं। मुंबई के लिए यास्तिका भाटिया ने 13 का योगदान दिया, जबकि सजीवन सजना 11 रन बनाकर नाबाद रहीं।
हरमनप्रीत का अर्धशतक
मुंबई इंडियंस हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक की मदद से गुजरात जाएंट्स के सामने जीत के लिए 180 रनों का लक्ष्य रखने में सफल रहा। हरमनप्रीत ने 33 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए हरमनप्रीत के अलावा नताली सीवर ब्रंट ने 38 तथा हीली मैथ्यूज ने 27 और अमनजोत कौर ने 27 रन बनाए। गुजरात की ओर से तनुजा कंवर, काश्वी गौतम, प्रिया मिश्रा और एश्ले गार्डनर को एक-एक विकेट मिला। मुंबई की टीम नॉकआउट के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। लेकिन उसकी कोशिश शीर्ष पर रहते हुए सीधे फाइनल में पहुंचने पर है। दूसरी ओर, गुजरात के भी आठ अंक हैं और वह भी ग्रुप चरण की बाधा को पार कर चुकी है।