फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs CSK: जीत की पटरी पर लौटी चेन्नई की टीम, मुंबई को छह विकेट से हराया, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज

Sat, 06 May 2023 07:58 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

सार

मुंबई पर जीत के साथ ही चेन्नई के पास 13 अंक हो गए हैं और यह टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। अब गुजरात के साथ चेन्नई भी प्लेऑफ में जगह बनाने की करीब पहुंच गई है। 
 
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 में अपने 11वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही चेन्नई की टीम 13 अंक के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई की टीम 10 मैच में पांच जीत और पांच हार के साथ छठे स्थान पर है। इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट खोकर 139 रन बनाए थे। इसके जवाब में चेन्नई ने चार विकेट खोकर 17.4 ओवर में 140 रन बना लिए हैं और 14 गेंद रहते छह विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। 
विज्ञापन


इस मैच में मुंबई के लिए नेहल वधेरा ने 64 रन बनाए। वहीं, चेन्नई के लिए डेवोन कॉन्वे ने 44 और ऋतुराज ने 30 रन बनाए। गेंद के साथ चेन्नई के मथीषा पाथिराना ने कमाल किया और तीन विकेट लिए। वहीं, तुषार देशपांडे और दीपक चाहर को दो-दो विकेट मिले। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट झटके। ट्रिस्टन स्टब्स और आकाश मधवाल ने एक-एक विकेट लिया। इस जीत के साथ ही धोनी एक बार फिर रोहित पर भारी पड़े हैं। इस सीजन इन दोनों टीमों के बीच हुए दोनों मुकाबले चेन्नई ने अपने नाम किए हैं। 
 

मुंबई की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। इस मैच में कप्तान रोहित ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। ईशान किशन के साथ कैमरून ग्रीन ने पारी की शुरुआत की, लेकिन चार गेंद में छह रन बनाकर देशपांडे का शिकार बने। इसके बाद दीपक चाहर ने एक ओवर में दो विकेट लेकर मुंबई का स्कोर 14 रन पर तीन विकेट कर दिया। दीपक चाहर ने ईशान किशन सात रन के स्कोर पर तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। वहीं, रोहित को शून्य के स्कोर पर जडेजा के हाथों कैच कराया। 



रोहित शर्मा आईपीएल में 16वीं बार खाता खोले बिना आउट हुए। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में उनके बाद सुनील नरेन, मनदीप सिंह और दिनेश कार्तिक हैं। तीनों खिलाड़ी आईपीएल में 15 बार खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं।

सूर्यकुमार और नेहल वधेरा ने संभाली पारी
सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर मुंबई की टीम को संभाला। दोनों मुंबई का स्कोर 14/3 से 69/4 तक ले गए। अर्धशतकीय साझेदारी करने के बाद यह जोड़ी खतरनाक दिख रही थी, लेकिन जडेजा ने सूर्यकुमार यादव को 26 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और नेहल वधेरा ने भी अर्धशतकीय साझेदारी की। इस दौरान नेहल ने 46 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वह 51 गेंद में 64 रन बनाकर मथीषा पाथिराना का शिकार बने। उनका विकेट गिरने के साथ ही मुंबई का स्कोर 123/5 हो गया। इसके बाद मुंबई ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। 



टिम डेविड दो रन और अर्शद खान एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स 21 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के लिए मथीषा पाथिराना ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। दीपक चाहर और तुषार देशपांडे को दो-दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया। मोईन अली को छोड़ चेन्नई के सभीं गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट भी अच्छा रहा। 

दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए मुंबई के सात बल्लेबाज
इस मैच में मुंबई इंडियंस के लिए 10 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी की, लेकिन इनमें से सात दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। नेहल वधेरा ने सबसे ज्यादा (51 गेंद में 64) रन बनाए। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव (22 गेंद में 26 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (21 गेंद में 20 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। ग्रीन छह रन, ईशान किशन सात रन, टिम डेविड दो रन और अर्शद खान एक रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित अपना खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, जोफ्रा आर्चर तीन रन और पीयूष चावला दो रन बनाकर नाबाद रहे।

विज्ञापन

चेन्नई की अच्छी शुरुआत
140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम ने शानदार शुरुआत की। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। ऋतुराज 16 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए तो रहाणे के साथ मिलकर कॉन्वे ने अच्छी गति से रन बनाए। पावरप्ले में चेन्नई ने एक विकेट खोकर 55 रन बना लिए थे और मैच में अच्छी स्थिति में पहुंच गई थी। इसके बाद रहाणे 17 गेंद में 21 रन बनाकर और रायुडू 11 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कॉन्वे एक छोर पर जमे रहे। वह चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार ले गए और शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। कॉन्वे 42 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक चेन्नई की जीत तय हो चुकी थी। 



अंत में शिवम दुबे और महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई को जीत दिलाई। दुबे 18 गेंद में 26 और धोनी तीन गेंद में रन दो बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट लिए। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स और आकाश मधवाल को एक-एक विकेट मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें