रविवार को आईपीएल के इतिहास में सबसे यादगार पल उस समय आया जब क्रिकेट के दो दिग्गज सचिन तेंदुलकर और विवियन रिचर्ड्स एक दूसरे से मिले।
रिचर्ड्स दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ बतौर सलाहकार जुड़े हैं। मैच से पूर्व सचिन जब अभ्यास में व्यस्त थे तभी दिल्ली की टीम के मेंटर टीए सेकर ने सचिन को जाकर रिचर्ड्स के मैदान में उपस्थित होने की जानकारी दी।
फिर क्या था, सब कुछ छोड़ सचिन तुरंत वेस्ट इंडीज के पूर्व दिग्गज रिचर्ड्स के पास पहुंच गए। दो सितारों के इस मिलन का गवाह बने मैदान में उपस्थित हर किसी ने ताली बजाकर भरपूर स्वागत किया।
पहले दोनों आपस में गले मिले और फिर रिचर्ड्स सचिन के पेट की तरफ इशारा करते देखे गए। इस इशारे के बाद दोनों ने जोर का ठहाका लगाया।
शायद रिचर्ड्स कह रहे थे कि 40 की उम्र में भी सचिन ने खुद को कितना मेंटेन कर रखा हे। रिचर्ड्स ने फिर सचिन के बैट को हाथ में लेकर उसे काफी करीब से निहारा और हल्की प्रैक्टिस भी की।
सचिन से लगभग 10 मिनट तक मिलने के बाद रिचर्ड्स फिर सेकर के साथ दिल्ली टीम की अभ्यास सत्र में व्यस्त हो गए। दिल्ली के खिलाड़ियों ने उनका ताली बजाकर अभिवादन किया।