भारत और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए मयंक अग्रवाल को इंग्लैंड बुलाया गया है। अग्रवाल शुभमन गिल के साथ टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत कर सकते हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। ऐसे में उनके विकल्प के रूप में मयंक अग्रवाल को इंग्लैंड बुलाया गया है। मयंक ने फ्लाइट में बैठने के बाद अपनी फोटो भी शेयर की है, जिसमें लिखा कि वो बर्मिंघम के लिए उड़ान भर रहे हैं। भारत के दो अहम ओपनर रोहित शर्मा और केएल राहुल इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में गिल और अग्रवाल की जोड़ी पारी की शुरुआत कर सकती है। हालांकि, अब तक यह तय नहीं हुआ है कि रोहित टेस्ट मैच से पहले फिट होंगे या वो पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट एक जुलाई से होना है। ऐसे में रोहित के पास अभी भी तीन का दिन का समय है। अगर रोहित शर्मा ठीक हो जाते हैं तो वो भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे और गिल के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे। वहीं, उनके न रहने पर ऋषभ पंत या विराट कोहली को कप्तान बनाया जा सकता है।
क्वारंटीन में नहीं रहेंगे मयंक
इंग्लैंड पहुंचने के बाद मयंक अग्रवाल को क्वारंटीन में नहीं रहना होगा। वो सीधे टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे और अपना अभ्यास शुरू कर देंगे। मयंक पहले भी कई बार टीम इंडिया के लिए टेस्ट में पारी की शुरुआत कर चुके हैं और उनका रिकॉर्ड भी अच्छा है, लेकिन आईपीएल 2022 में खराब फॉर्म की वजह से अग्रवाल को भारतीय टीम में मौका नहीं दिया गया।