पुजारा अभी 130 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने 250 गेंदों का सामना किया है। इस श्रृंखला में यह चौथा अवसर है जबकि उन्होंने पारी में 200 से अधिक गेंदें खेली। अग्रवाल ने इस श्रृंखला में तीसरा शतक जड़ने वाले इस बल्लेबाज की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, 'निश्चित तौर पर उन्हें दूसरे छोर से बल्लेबाजी करते हुए और गेंदबाजों को परेशानी को डालते हुए देखने का अलग आनंद है। वह अपने मजबूत पक्षों को समझते हैं और उनकी रक्षात्मक बल्लेबाजी में उनका जवाब नहीं है। वह रन बनाने के लिए खराब गेंदों का इंतजार करते हैं।'
अग्रवाल ने कहा, 'यह पांच दिनी मैच है और इसमें आपके पास पर्याप्त समय होता है। यह लंबे अंतराल वाला मैच है और अगर आप उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखते हो तो आप काफी कुछ सीख सकते हो। संयम उनका मजबूत पक्ष है और वह इस पर कायम रहते हैं।'
अग्रवाल ने कहा कि अपनी सफलता का श्रेय राहुल द्रविड़ को दिया जिन्होंने उनमें आत्मविश्वास भरा। उन्होंने कहा, 'रन बनाने से आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। आप जितना अधिक खेलते हो उतना ही आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। द्रविड़ के रहते हुए खेलना अच्छा रहा। बल्लेबाज होने के नाते हम तकनीक और खेल के बारे में बात करते हैं और वह हमारी मदद करने, हमें सही राह दिखाने और आगे बढ़ने में सहयोग करने के लिए साथ में थे। उनकी सलाह वास्तव में काफी मददगार रही।'
अग्रवाल ने टेस्ट मैच में दूसरे दिन की योजना के बारे में कहा, 'हम काफी खुश है। हम चाहते कि हमारे तीन विकेट ही गिरते लेकिन पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद चार विकेट पर 303 रन के स्कोर से मुझे लगता है कि हम अच्छी स्थिति में हैं।'