एम एस धोनी-हार्दिक पांड्या
- फोटो : social Media
भारत के लिए चिंताजनक बात यह है कि शीर्षक्रम के बेहद कामयाब रहने से मध्यक्रम का ‘टेस्ट’ नहीं हो सका। ऐसे में बादलों से घिरे मैनचेस्टर के मैदान पर तेज गेंदबाज बोल्ट का पहला स्पैल घातक साबित हो सकता है। इसके अलावा हार्दिक पंड्या को छोड़कर मध्यक्रम का कोई बल्लेबाज अच्छा नहीं खेल सका है। महेंद्र सिंह धोनी ने 90 प्लस के स्ट्राइक रेट से 293 रन बनाए लेकिन अपने चिर परिचित अंदाज में नहीं दिखे।
44 साल के इतिहास का यह अनोखा संयोग
लगातार तीन लीग मैच हारकर सेमीफाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड पहली टीम बनने जा रही है। फिर वर्ल्ड कप के इतिहास का यह अनोखा संयोग भी है कि अंतिम लीग मैच हारकर नॉकआउट में पहुंचने वाली टीम आजतक विजेता नहीं बन सकी।
न्यूजीलैंड की कमजोर कड़ी उसका शीर्षक्रम रहा है। विलियमसन (481) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली द्विपक्षीय शृंखला नहीं खेली थी लिहाजा मार्टिन गुप्टिल (166 रन) और कोलिन मुनरो (125) के लिए उन्हें खेलना आसान नहीं होगा। विलियमसन के बाद न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन टेलर (261) ने बनाए हैं। बल्लेबाजी में भारत से उनका कोई मुकाबला नहीं है क्योंकि आलोचना झेल रहे धोनी भी करीब 300 रन बना चुके हैं।
बुमराह और शमी की फॉर्म को देखते हुए भारत टॉस जीतने पर गेंदबाजी चुन सकता है। न्यूजीलैंड टीम में दाहिने हाथ के कई बल्लेबाज होने के कारण भारत कलाई के दो स्पिनरों में से एक को बाहर कर सकता है। युजवेंद्र चहल के बारे में पता नहीं है कि क्या फिटनेस का कोई मसला है। रविंद्र जडेजा ने पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। भारत तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरता है तो केदार जाधव एक बार फिर मध्यक्रम में दिनेश कार्तिक की जगह ले सकते हैं। दूसरे सेमीफाइनल में 11 जुलाई को इंग्लैंड का सामना बर्मिंघम में आस्ट्रेलिया से होगा। भारत ने 1983 विश्व कप में सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था।
रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम एक विश्व कप में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड दर्ज है। मास्टर ब्लास्टर ने 2003 में 11 मैचों में कुल 673 रन बनाए थे जिसमें 1 शतक और 6 अर्द्धशतक शामिल रहे। भारतीय ओपनर रोहित ने अब तक 8 मैच खेले हैं और वह 647 रन बनाकर सबसे आगे चल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 5 शतक और 1 अर्द्धशतक लगाया है। यदि रोहित सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 रन और बना लेते हैं तो सचिन के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
यही नहीं हिटमैन रोहित यदि एक और शतक लगा लेते हैं तो सचिन के विश्व कप में कुल छह शतक के विश्व रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। रोहित के इस विश्व कप के पांच शतकों सहित कुल छह शतक हैं। एक शतक उन्होंने पिछले विश्व कप में बनाया था।