वेलिंगटन में खेले गए पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले को जीतकर न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया से पांच मैच की टी-20 सीरीज जीत ली। कंगारुओं ने सिर्फ सात विकेट के बड़े अंतर से मैच ही नहीं गंवाया बल्कि 2-3 से सीरीज भी हार गए। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 142/8 रन बनाए। जवाब में मेजबान न्यूजीलैड ने 27 गेंद शेष रहते ही सात विकेट से मैदान मार लिया।
46 गेंदों में 71 रन बनाने वाले मार्टिन गप्टिल न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे, उन्होंने सात चौके और चार छक्के उड़ाए। गप्टिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज में दो अर्धशतकों की बदौलत 218 रन बनाए हैं। इसी के साथ मार्टिन टी-20 इंटरनेशनल में रोहित शर्मा को पछाड़कर सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। मार्टिन गप्टिल के नाम 99 मैच में दो शतक और 17 अर्धशतक की बदौलत 2839 रन हैं। वहीं रोहित शर्मा ने 108 मुकाबलों में चार शतक और 21 अर्धशतक के बूते 2773 रन बनाए हैं। पहले नंबर पर 2928 रन के साथ भारतीय कप्तान विराट कोहली हैं।