टी20 विश्व कप 2024 के बीच आईसीसी ने ताजा टी20 रैंकिंग जारी की है। ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी को पछाड़कर ताजा आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर एक ऑलराउंडर बन गए। मौजूदा संस्करण में स्टोइनिस ने छह विकेट चटकाने के अलावा बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया और ऑस्ट्रेलिया को सुपर आठ में जगह दिलाने में मदद की।
शीर्ष 10 टी20 ऑलराउंडर्स में पांड्या एकमात्र भारतीय
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ICC/T20 World Cup
स्टोइनिस एक स्थान के फायदे से नंबर एक ऑलराउंडर बने, जबकि नबी को तीन स्थान का नुकसान हुआ। श्रीलंका के कप्तान वानिंदु हसरंगा ऑलराउंडर्स में दूसरे और बांग्लादेश के अनुभवी शाकिब अल हसन तीसरे स्थान पर हैं। नबी चौथे, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा छठे और भारत के हार्दिक पांड्या सातवें स्थान पर हैं। पांड्या को तीन मैचों में शानदार गेंदबाजी की वजह से एक स्थान का फायदा हुआ। शीर्ष 10 टी20 ऑलराउंडर्स में पांड्या एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।
गेंदबाजों में रशीद शीर्ष पर बरकरार
इंग्लैंड क्रिकेट टीम
- फोटो : PCB Media
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने अब तक टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया है जो उनकी रैंकिंग में भी नजर आता है। बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन गेंदबाजी रैंकिंग में छह स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद शीर्ष पर बने हुए हैं। तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ भी छह स्थान के फायदे से 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि टीम के उनके साथी गुडाकेश मोती 16 स्थान की लंबी छलांग के साथ 13वें स्थान पर हैं।
अक्षर शीर्ष 10 टी20 गेंदबाजों में एकमात्र भारतीय
अक्षर पटेल
- फोटो : PTI
गेंदबाजों में हसरंगा तीसरे, राशिद चौथे, नॉर्त्जे पांचवें और अफगानिस्तान के फजलहक फारूकी छठे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड सातवें, एडम जैम्पा आठवें और भारत के अक्षर पटेल नौवें स्थान पर हैं। अक्षर को दो स्थान का नुकसान हुआ है। श्रीलंका के महीश तीक्ष्णा 10वें स्थान पर हैं। अक्षर शीर्ष 10 टी20 गेंदबाजों में भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं।
बल्लेबाजों में सूर्यकुमार शीर्ष पर
सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत
- फोटो : PTI
भारत के सूर्यकुमार यादव खेल के सबसे छोटे प्रारूप में नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। फिल सॉल्ट, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड पांच स्थान के फायदे से पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन 11वें पायदान पर हैं। पूरन को आठ स्थान का फायदा हुआ है। वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड 43 पायदान की लंबी छलांग के साथ 42वें स्थान पर हैं।