भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला सीरीज के नतीजे के लिहाज से कुछ खास नहीं था। शुरुआती दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी थी। हालांकि, दूसरे वनडे में भारत जीत के बेहद करीब था और टीम इंडिया तीसरे वनडे में इस उम्मीद के साथ उतरी कि घरेलू मैदान पर लंबे समय बाद कंगारू टीम को हराया जा सकता है।
इस मैच में भारत ने 20 साल की मन्नत कश्यप को भी मौका दिया, जो बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज हैं। स्नेह राणा की जगह उन्हें टीम में शामिल किया गया। हालांकि, मन्नत ने अपने शुरुआती तीन ओवर में 30 रन खर्च कर दिए, लेकिन इससे पहले वह लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करती रही हैं। आने वाले समय में उन्हें और मौके दिए जा सकते हैं। ऐसे में वह कमाल कर सकती हैं। यहां हम बता रहे हैं कि मन्नत कश्यप कौन हैं?
मन्नत कश्यप 2022 में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ भारत अंडर-19 के लिए नॉन-स्ट्राइकर छोर पर बहुत दूर खड़ी बल्लेबाज को रन आउट करके सुर्खियों में आई थीं। हालांकि, वह चतुर और चालाक होने के साथ ही बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी हैं। वह गेंद को अच्छी तरह फ्लाइट देती हैं और क्रीज का इस्तेमाल कर अलग-अलग एंगल से गेंद करती हैं। इससे बल्लेबाज को उन्हें खेलने में परेशानी आती है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने वाली मन्नत फरवरी में भारत की महिला अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने अपने पहले ही मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ चार विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा था। कुल मिलाकर छह मैचों में उन्होंने नौ विकेट लिए थे और पार्श्वी चोपड़ा के बाद भारत के लिए दूसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज थीं। उन्होंने एसीसी इमर्जिंग फाइनल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और भारत के 127 रनों का बचाव करते हुए 20 रन देकर तीन विकेट लिए थे।
महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में भी उन पर बड़ा दांव लगने की उम्मीद थी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और उन्हें 10 लाख रुपये में गुजरात की टीम ने अपने साथ जोड़ा। अब महिला प्रीमियर लीग में भी कमाल करने के लिए तैयार हैं।