मुश्किल सा लक्ष्य और खराब शुरुआत के बाद कप्तान मनीष पांडे ने शानदार शतकीय पारी खेलकर मैच को निर्णायक मोड़ पर ला दिया, लेकिन भारत को फिर अंतिम गेंद पर हार मिली।
ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही चतुष्कोणीय एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के 11वें मैच में भारतीय टीम को जीत के लिए 323 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला। जवाब में भारत-ए टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 144 रन पर 4 विकेट गंवा दिए, फिर इसके बाद कप्तान मनीष पांडे (110) ने संजू सैमसन के साथ पांचवें विकेट के लिए 157 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत की आस भी जगा दी, लेकिन उसे अंतिम गेंद पर हार मिल ही गई।
भारत के साथ क्रिकेट में लगातार दूसरे मैच में ऐसा हुआ है जब अंतिम गेंद पर एक रन से उसे हार मिली। फ्लोरिडा में वेस्टइंडीज के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया अंतिम गेंद पर एक रन से हार गई थी। इसके बाद भारत की ए टीम को भी अब अंतिम गेंद पर हार मिली है। भारत की ए टीम भी 50 ओवर के मैच में एक रन से हार गई।
मनीष ने 110 रनों की अपनी शतकीय पारी में 91 गेंदों में 10 चौके के अलावा 3 छक्के जड़े। सैमसन ने जोरदार पारी खेली और 87 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाजों की नाकामी ने भारतीय टीम से मैच छीन लिया।
इससे पहले मेजबान ऑस्ट्रेलिया-ए ने दो शतकीय पारियों के दम पर 50 ओवर में 322 रन बनाए थे। उसकी ओर से निक मैडिंसन ने 118 और ओपनर कुर्तिस पैटरसन ने 115 रनों की शतकीय पारियां खेली। हालांकि उसके अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।