भारत-ए के कप्तान मनीष पांडे पर ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रहे 4 टीमों की एकदिवसीय टूर्नामेंट के एक मैच के दौरान आईसीसी के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगा दिया गया है।
बुधवार को भारत-ए और एनपीएस के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान मनीष पांडे को मिचेल स्वेपशन की गेंद पर अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट दिया।
लेकिन मनीष ने अंपायर शॉन क्रेग के निर्णय पर आपत्ति जताई और उन्हें अपना सीधा हाथ दिखाया। आउट दिए जाने के बाद भी मनीष 10 सेकेंड से ज्यादा समय तक क्रीज पर बने रहे। उसके बाद वह पवेलियन की ओर चल दिए।
पांडे को आईसीसी के नियम 2.1.5 के तहत दोषी माना गया है जिसमें अंपायर के निर्णय पर असहमति जताना है। मैच रेफरी ने मनीष को लेवल 1 का दोषी मानते हुए उनके ऊपर 30 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया।
लेकिन बल्लेबाज मनीष ने इस तरह की पहली गलती की थी और अपनी गलती स्वीकार भी ली। इसके बाद रेफरी ने जुर्माने को घटाकर 25 प्रतिशत कर दिया।