श्रीलंका के पूर्व महान बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की खूब तारीफ की है। जयवर्धने ने कहा कि बाबर ही मौजूदा समय में उन्हें एक ऐसे बल्लेबाज लगते हैं जो इंग्लैंड के जो रूट को हटाकर टेस्ट में नंबर एक बैटर बन सकता है। रूट इस साल जून से ही टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे संस्करण में इंग्लिश बल्लेबाज ने खूब रन बनाए हैं। रूट की ही बदौलत इंग्लैंड ने हाल ही में भारत को बर्मिंघम टेस्ट में हराया था।
जो रूट
- फोटो : सोशल मीडिया
रूट ने 2021 से लेकर अब तक किसी दूसरे बल्लेबाज की तुलना में काफी ज्यादा रन बनाए हैं। इसके लिए उन्हें आईसीसी मेन्स टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2021 से भी नवाजा गया था। आईसीसी रिव्यू के हालिया एपिसोड में जयवर्धने से पूछा गया कि उन्हें कौन सा बल्लेबाज रूट को हटाकर नंबर वन बनता दिखता है? इस पर जयवर्धने ने कहा- यह बताना मुश्किल है। हालांकि, मुझे लगता है कि बाबर आजम के पास मौका है। वह तीनों फॉर्मेट में कंसिस्टेंट रहे हैं। इसका असर रैंकिंग में भी दिखता है। वह नैचुरली गिफ्टेड प्लेयर हैं। वह किसी भी कंडीशन में खेल सकते हैं।
बाबर आजम
- फोटो : twitter@TheRealPCB
जयवर्धने ने कहा- इसका फैसला इस पर भी निर्भर होगा कि कौन कितना, कब और कैसे क्रिकेट खेल रहा है, लेकिन बाबर रूट को पीछे छोड़ सकते हैं। बाबर फिलहाल मौजूदा समय में तीनों फॉर्मेट में टॉप-3 में मौजूद रहने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। वनडे और टी-20 में बाबर की रैंकिंग नंबर वन है। वहीं, टेस्ट में उनकी रैंकिंग तीन है। जयवर्धने ने कहा- मैं बाबर पर भरोसा कर सकता हूं कि वह कुछ और समय तक टॉप-3 में अपनी जगह बरकरार रखेंगे, लेकिन कुछ और क्वालिटी प्लेयर्स बाबर पर दबाव बना सकते हैं।
महेला जयवर्धने
- फोटो : social media
यह पूछे जाने पर कि उन्हें बाबर में क्या खास दिखता है? इस पर जयवर्धने ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा पसंद बाबर के क्रीज पर टिके रहने की क्षमता है। जयवर्धने ने कहा- मुझे लगता है कि बाबर की टेक्नीक और उनकी टाइमिंग और कम्पोजर शानदार है। वह कभी भी घबराते नहीं हैं, चाहे वह कोई भी फॉर्मेट क्यों न हो। वह टेस्ट, वनडे और टी-20 में खुद को बेहतरीन तरीके से ढालते हैं। जो रूट भी टेस्ट में कुछ इसी प्रकार के हैं। उन्हें पता है कि कब किस प्रकार की बल्लेबाजी करनी है। जैसा कंडीशन हो उस हिसाब से वह अपना गियर बदल लेते हैं।
बाबर आजम और जो रूट
- फोटो : सोशल मीडिया
बाबर और रूट इस साल आमने-सामने आएंगे। इंग्लैंड की टीम दिसंबर में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगी। हालांकि, रूट के पास अभी अपने नंबर वन के पोजिशन को मजबूत करने का मौका होगा। इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। वहीं, बाबर को अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ ही खेलनी है। ऐसे में बाबर को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।