महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय टीम की विश्वकप जीत में अहम योगदान देने वाली स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और राधा यादव पर धनवर्षा का फैसला लिया है। महिला वनडे विश्वकप 2025 का समापन भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ हो गया। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मंधाना, जेमिमा और राधा पर होगी धनवर्षा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य की तीन महिला खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला लिया गया। महाराष्ट्र सरकार के निर्णय के मुताबिक, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और राधा यादव पर धनवर्षा होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार मौजूद रहे।
बीसीसीआई पहले कर चुका एलान
इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी भारतीय महिला टीम को 51 करोड़ की ईनामी राशि देने की घोषणा की थी। बता दें कि, टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर इतिहास रचा और वनडे तथा टी20, दोनों प्रारूपों में अपना पहला विश्व खिताब जीता। 2005 और 2017 के फाइनल मुकाबलों में मिली हार का बदला लेते हुए भारत ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया।