न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम अगले माह अक्टूबर में भारत का दौरा करेगी। इस दौरान वह तीन वन डे और तीन टी-20 खेलेगी। वन डे सीरीज का एक मैच उत्तर प्रदेश में होना है। मैच कानपुर या लखनऊ में से किसी एक शहर में होना था। बीसीसीआई ने मैच का शहर तय करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को दी थी। पहले उम्मीद थी कि यह मैच लखनऊ के एकाना में बन रहे नए स्टेडियम में होगा। लखनऊ के लोग भी इसको लेकर उत्साहित थे। लेकिन यहां के लोगों को अभी और कुछ दिन अपने शहर में क्रिकेट मैच देखने को नहीं मिलेगा। लखनऊ शहर में एक मात्र इंटरनेशनल मैच 27 अक्टूबर 1989 को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेला गया था। जिसमें पाकिस्तान को 6 रनों से जीत हासिल हुई थी।
आईसीसी मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने लखनऊ के एकाना स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया था। रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों ने स्टेडियम में सुविधाओं को अपर्याप्त बताया है। इसी वजह से अब सीरीज का तीसरा मैच 29 अक्टूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच वन डे मैच लखनऊ के बजाय कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
एकाना स्टेडियम में हाल ही में दलीप ट्राफी का मैच खेला गया है। इंडिया रेड और इंडिया ग्रीन के बीच यह मुकाबला हुआ था। यूपी क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का मैच पहले लखनऊ के लिए तय किया था। लेकिन सूत्रों के अनुसार स्टेडियम में अधूरे निर्माण कार्यों से अब यह मैच कानपुर को दे दिया गया है। एकाना स्टेडियम में एलीवेटर सहित बाहर तरफ की बाउंड्री निर्माण नहीं हो पाया है। लिहाजा एकाना स्टेडियम को अभी आईसीसी की मंजूरी के लिए और इंतजार करना होगा। इस तरह 28 साल बाद भी लखनऊ को एक और इंटरनेशनल मैच का इंतजार रहेगा।