इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में शानदार खेल दिखाते हुए पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में भी ऑस्ट्रेलिया को विशाल अंतर से हराते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
583 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच के चौथे दिन के आखिरी ओवर में 235 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में 347 रन से हार का सामना करना पड़ा।
‘मैन ऑफ द मैच’ जोए रूट ने पहले बैट से शानदार 180 रन बनाने के बाद दो विकेट भी लेकर ऑस्ट्रेलिया को एक और शर्मनाक हार झेलने के लिए मजबूर किया।
इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक ने लार्ड्स टेस्ट मैच के चौथे दिन जोई रुट (180) के आउट होते ही अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।
इंग्लैंड ने दूसरी पारी सात विकेट पर 349 रन बनाए। मेजबान टीम ने पहली पारी में 361 रन बनाए थे।
जवाब में पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम महज 128 रनों पर आउट हो गई थी। मेहमान टीम की खराब बल्लेबाजी के कारण इंग्लैंड को 233 रनों की बड़ी बढ़त हासिल हो गई।
मेजबान टीम ने स्कोर पांच विकेट पर 333 रन से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन टीम के खाते में 11 रन जुड़ने के बाद जॉनी बैरेस्ट्रो (20) कैच आउट हो गए। वह रेयान हैरिस की गेंद पर विकेटकीपर ब्रैड हैडिन के हाथों लपके गए। उन्होंने रुट के साथ छठवें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की।
रुट का साथ देने क्रीज पर विकेटकीपर-बल्लेबाज मैट प्रायर आए और उन्हें फिरकी गेंदबाज ऑस्टर एगर की गेंद पर आसान जीवनदान मिला।
लाजवाब बल्लेबाजी कर रहे रुट एक खराब शॉट खेलने के प्रयास में अपने पहले दोहरे शतक से चूक गए। यह उनके कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी है।