टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच में एबी डीविलियर्स
के शानदार शतक के बाद भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने आखिरकार फॉर्म
हासिल कर ही लिया। यह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।
मुंबई में खेले गए दो दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे और अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती सत्र में दक्षिण अफ्रीकंस के 6 विकेट पर 111 रन पर झटक लिए थे, लेकिन डीविलियर्स (112) के शानदार शतक के दम पर मेहमान टीम 300 के पार पहुंचने में कामयाब रही और 302 रन बनाकर आउट हो गई। उनके शतक से ही मेहमान टीम को बढ़त हासिल हुई।
इसके बाद पहली पारी के आधार पर महज 6 रन से पिछड़ने के बाद बोर्ड अध्यक्ष एकादश ने मैच ड्रॉ होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 92 रन बनाए। अफ्रीकी गेंदबाज दूसरी पारी में एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके जबकि उन्होंने 30 ओवर डाले।
टी-20 और वनडे सीरीज में भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लेने वाले एबी डीविलियर्स ने एक बार फिर बड़ी पारी खेली और शतक ठोंक दिया। वह 131 गेंदों में 112 रन बनाकर जयंत यादव की गेंद पर आउट हुए। पुछल्ले बल्लेबाज डेल स्टेन ने 37 रनों का योगदान दिया और अंतिम विकेट उन्हीं के रूप में गिरा। मीडियम पेसर शर्दूल ठाकुर ने विपक्षी टीम के शीर्ष क्रम को बिखेरते हुए 4 विकेट झटक लिए।
पहले दिन की खेल समाप्ति पर दक्षिण अफ्रीकंस ने 46 रनों पर दो विकेट गंवा दिए। पहले दिन की दोनों सफलताएं ठाकुर ने ही हासिल की थी। इससे पहले बोर्ड अध्यक्ष एकादश की टीम पहले दिन 78.5 ओवर में 296 रनों पर सिमट गई।
डीविलियर्स के शतक के बाद पुजारा भी लौटे फॉर्म में
दक्षिण अफ्रीकंस टीम ने दूसरे दिन की शुरुआत 46 रन पर 2 विकेट से आगे खेलना शुरू किया लेकिन तेज गेंदबाज शर्दुल ठाकुर ने जल्दी-जल्दी फैफ डु प्लेसिस (4) और हाशिम अमला (1) के विकेट झटककर मेजबान टीम को अच्छी शुरुआत दिला दी। टी-20 और वनडे सीरीज में संघर्ष कर रहे अमला अभ्यास मैच में भी नाकाम रहे और एक रन ही बना सके।
भारतीय गेंदबाजों के जोरदार प्रदर्शन के आगे मेहमान टीम के 6 विकेट सिर्फ 111 रन पर गिर गए थे और लग रहा था कि बोर्ड अध्यक्ष की टीम बढ़त हासिल करने में सफल होगी। लेकिन इसके बाद एबी डीविलियर्स (112) ने एक छोर संभालते हुए शानदार शतक ठोंक दिया और अपनी टीम को 6 रन बढ़त दिला दी। डीविलियर्स के अलावा डेन विलास ने 54 और डेल स्टेन ने 37 रनों की पारी खेली। इन 3 के अलावा अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे।
ठाकुर के 4 विकेट के अलावा जयंत यादव और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके।
इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी शुरू की और 30 ओवर में एक भी झटका लगे बगैर ही 92 रन बना लिए। ओपनर लोकेश राहुल (43) और चेतेश्वर पुजारा (49) ने संयम से खेलते हुए अविजित 92 रन बनाए। फॉर्म की तलाश में जुटे पुजारा एक रन से अपनी फिफ्टी से रह गए। पुजारा इस पारी से काफी राहत महसूस कर रहे होंगे क्योंकि टेस्ट सीरीज से तुरंत पहले उनके बल्ले से रन निकलने शुरू हो गए हैं। लोकेश ने पहली पारी में फिफ्टी ठोंकी थी।
लोकेश और नमन ने पहले दिन बचाई थी लाज
बोर्ड अध्यक्ष एकादश के युवा बल्लेबाज लोकेश राहुल ने बृहस्पतिवार को दिखाया कि वे दक्षिण अफ्रीका की पेस बैटरी का सामना करने में सक्षम हैं। इस युवा ओपनर ने मेहमान टीम के खिलाफ दो दिवसीय अभ्यास के पहले दिन बेहतरीन अर्धशतक (72) बनाकर टीम को 296 रन बनाने में मदद की।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में चल रहे अभ्यास मैच में मौजूद चयनकर्ता सबा करीम के सामने राहुल ने 292 मिनट की बल्लेबाजी में न केवल दक्षिण अफ्रीका के मजबूत आक्रमण का बखूबी सामना किया बल्कि कई बेहतरीन शॉट दिखाकर अपनी फॉर्म की झलक भी दिखा दी है। कर्नाटक के बल्लेबाज ने 132 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके जड़े। साथ ही चौथे विकेट पर करुण नायर (44) के साथ ऐसे समय में 105 रनों की शतकीय साझेदारी की जब टीम 27 रनों पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में थी।
दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण जिसमें डेल स्टेन, वर्नोन फिलैंडर और मोर्ने मोर्केल शामिल हैं, उनके सामने लोकेश राहुल ने बेहतरीन पारी खेलकर पांच नवंबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए अपना दावा भी पुख्ता कर लिया है। बोर्ड अध्यक्ष एकादश की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज नमन ओझा ने भी 52 रनों की अच्छी पारी खेली जिसमें उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने अपने तीसरे विकेट के रूप में लिया। चायकाल के बाद हार्दिक पांडया ने तेज अंदाज में खेलते हुए 47 रन बटोरे जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे।