लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महज 12 रन के स्कोर पर कीवी टीम को कॉलिन मुनरो (9) के रूप में पहला झटका लगा। तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने उन्हें खुद की गेंद पर कैच लेते हुए पवेलियन भेजा।
मुनरो के आउट होने के बाद गुप्टिल ने कप्तान विलियमसन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 14.6 ओवर में एंडिले फेहलुकवायो की गेंद पर गुप्टिल हिट विकेट होकर चलते बने। उन्होंने पांच चौके की मदद से 35 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए विलियमसन और गुप्टिल के बीच 60 रनों की साझेदारी हुई।
इसके कुछ देर बाद कीवी टीम को रॉस टेलर (1) के रूप में बड़ा और तीसरा झटका लगा। क्रिस मॉरिस ने उन्हें विकेटकीपर डिकॉक के हाथों काच आउट कराकर चलता किया। गुप्टिल के आउट होने के बाद कीवी टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई। टेलर के बाद बल्लेबाजी करने आए टॉम लाथम भी एक रन बनाकर आउट हो गए। क्रिस मॉरिस ने लाथम को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच आउट कराकर न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया।
32.2 ओवर में न्यूजीलैंड को पांचवा झटका लगा। क्रिस मॉरिस ने जेम्श निशाम (23) को हाशिम अमला के हाथों कैच आउट कराया। पांचवें विकेट के लिए निशाम और विलियमसन के बीच 57 रन की शानदार साझेदारी हुई।
हालांकि विलियमसन और डी ग्रैंडहोम ने साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और दक्षिण अफ्रीका के हाथ से जीत छीनने में सफल रहे। 47.1 ओवर में आउट होने से पहले ग्रैंडहोम ने 47 गेंदों में 60 रनों की तूफानी पारी खेली।
उसके बाद आखिरी ओवर में छक्का जड़कर केन विलियमसन ने इस वर्ल्ड कप का अपना पहला शतक लगाया और टीम को मैच में जीत दिलाने में सफल रहे।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 242 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 49 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 241 रन बनाए। प्रोटियाज टीम की तरफ से सबसे ज्यादा बैन डर डूसन ने (67* रन, 64 गेंद, तीन छक्के और दो चौके) बनाए। वहीं, न्यूजीलैंड की तरफ से लॉकी फर्ग्यूसन ने 10 ओवर में 59 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा बोल्ट, ग्रांडहोम और सैंटनर तीनों ने एक-एक विकेट चटकाए।
बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। महज 9 रन के स्कोर टीम को सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के रूप में पहला झटका लगा। डिकॉक को कीवी टीम के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने बोल्ड किया। वह केवल 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 13.6 ओवर में मैट हेनरी ने कीवी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। हनेरी ने अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस (23) को चलता किया। दूसरे विकेट के लिए फाफ और अमला के बीच 50 रन की अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
फाफ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए एडेन मार्करम ने अमला के साथ मिलकर पारी को संभाला, लेकिन 27.4 ओवर में मिशेल सैंटनर ने इस जोड़ी को तोड़ा और अमला को चलता किया। हाशिम अमला ने 83 गेंदों में 55 रन की धीमी पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए अमला और मार्करम के बीच 52 रन की शानदार शतकीय साझेदारी हुई। इसके साथ उन्होंने इस मैच में 25 रन बनाते ही वन-डे क्रिकेट में सबसे तेज 8000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। यह कारनामा उन्होंने 176 पारियों में किया। इस मामले में वह केवल टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से ही सिर्फ पीछे हैं। विराट ने वन-डे क्रिकेट के 175 पारियों में अपने 8000 रन पूरे किए थे।
32.3 ओवर में दक्षिण अफ्रीका को एडेन मार्करम के रूप में चौथा झटका लगा। कॉलिन डी ग्रांडहोम ने उन्हें कॉलिन मुनरो के हाथों कैच आउट कराकर पेवलियन भेजा। वह चार चौके की मदद से 38 रन बनाए। 44.5 ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन ने अफ्रीकी टीम को डेविड मिलर (36) के रूप में पांचवां झटका दिया। मिलर ने उन्हें बोल्ट को हाथों के कैच आउट कराया। पांचवें विकेट के लिए मिलर और डूसन के बीच 72 रन की साझेदारी हुई।
बता दें कि इस मैच में हल्की बारिश और मैदान गीला होने की वजह से में टॉस होने में करीब डेढ़ घंटे की देरी हुई। इसके साथ ही ओवरों की संख्या में कटौती की गई। अब यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच 49-49 ओवर का खेला जाएगा।
इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका में तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी की वापसी हुई है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले चोटिल तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी की वापसी दक्षिण अफ्रीका के लिए बड़ी राहत है। दक्षिण अफ्रीका 2015 विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली अपनी हार का हिसाब चुकाना चाहेगी तो न्यूजीलैंड की टीम जीत के साथ फिर से शीर्ष पर पहुंचने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। नगिदी के वापस आने से दक्षिण अफ्रीका का आक्रमण मजबूत होगा क्योंकि दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन चोट के कारण पहले ही बाहर हो चुके है।
एन्गिडी ने इस विश्व कप में शुरुआत के केवल दो मैच ही खेले और फिर मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे। वो बांग्लादेश के खिलाफ भी नहीं खेले। उस मैच में बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी।
दक्षिण अफ्रीका के पांच मैचों में तीन हार, एक जीत और एक रद्द परिणाम से तीन अंक हैं और वह फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है जबकि टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही न्यूजीलैंड के चार मैचों में तीन जीत और एक मैच रद्द हो जाने से सात अंक हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए इस विश्व कप में बेहद खराब शुरुआत हुई। उसने लगातार तीन मैच गंवाए। उसके बाद बारिश से धुले मैच से एक अंक मिला और निचले पायदान के खिलाफ उसे एकमात्र जीत मिली। दूसरी ओर न्यूजीलैंड को अभी तक एक भी मैच में हार नहीं मिली है।
दक्षिण अफ्रीका: 1 हाशिम अमला, 2 क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), 3 एडेन मार्करम, 4 फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), 5 रासै वैन डेर डूसन, 6 डेविड मिलर, 7 एंडिल फेहलुकवेओ, 8 क्रिस मॉरिस, 9 कागिसो रबाडा, 10। लुंगी एन्गिडी, 11 इमरान ताहिर।
न्यूजीलैंड: 1 मार्टिन गुप्टिल, 2 कॉलिन मुनरो, 3 केन विलियमसन (कप्तान), 4 रॉस टेलर, 5 टॉम लाथम (विकेटकीपर), 6 जेम्स नीशाम, 7 कॉलिन डी ग्रैंडहोम, 8 मिशेल सेंटनर, 9 मैट हेनरी, 10 लॉकी फर्ग्यूसन, 11 ट्रेंट बोल्ट।