आईपीएल-8 के 38वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक तरफा मुकाबले में हैदराबाद सनराइजर्स को 35 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने शानदार शुरुआत की लेकिन बीच में लड़खड़ा गए पर आखिर में तेज खेलते हुए 7 विकेट खोकर 167 रन बनाकर ही माने।
जवाब में हैदराबाद शुरुआत से ही लड़खड़ाई हुई दिखी। हैदराबाद की पूरी टीम 9 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। इस मैच के साथ ही एक तरफ कोलकाता ने टूर्नामेंट पांचवीं जीत दर्ज की है तो हैदराबाद को पांचवीं हार मिली है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें।
कोलकाता से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं थी। टीम के धाकड़ बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (4) और नमन ओझा (0) पहले ही ओवर में उमेश यादव के शिकार बने। दोहरे झटके से टीम उबर भी नहीं पाई थी कि ब्रैड हॉग ने शिखर धवन (15) को आउट कर अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई। 9वें ओवर में इयान मोर्गन (5) के रुप में हैदराबाद को चौथा झटका लगा। चार विकेट गंवा देने के बाद बैकफुट में आए हैदराबाद के बल्लेबाजों ने धीमी गति से खेलना शुरू किया। मोइसी हेनरीक्यूज और हनुमा विहारी ने संभलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया।
लेकिन धीमा खेलने से हैदराबाद पर रनों का दबाव लगातार बढ़ता गया। नतीजन 12वें ओवर में गेंदबाजी संभालते ही पीयूष चावला ने विहारी (6) को आउट कर अपनी टीम की झोली में पांचवीं सफलता डाली। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर दो रन दौड़ने के चक्कर में बिपुल शर्मा (1) आए और तुरंत चले भी गए। हैदराबाद की ओर से इकलौता अच्छा खेल रहे हेनरीक्यूज (41) 15वें ओवर में ब्रैड हॉग के दूसरे और कोलकाता के सातवें शिकार बने।
18वें ओवर में पुछल्ले बल्लेबाज करण शर्मा ने लगातार तीन छक्के लगाकर दर्शकों में थोड़ा रोमांच डालने की कोशिश जरुर की। इसी ओवर में एक और छक्का लगाने के फेर में वह (32) अपना कैच थमाकर कोलकाता को आठवीं सफलता दे बैठे। आखिर में पुछल्ले बल्लेबाजों ने कुछ बड़े हिट लगाकर हार के अंतर को जरुर कम किया। आखिरी ओवर में हैदराबाद ने प्रवीण कुमार (12) के रुप में नौंवा विकेट खोया।