कानपुर के ग्रीन पार्क में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय पारी के 318 रन पर खत्म होने के बाद गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने में नाकाम रहे और सिर्फ एक विकेट ही झटक सके। हालांकि तीसरे सत्र का खेल बारिश के कारण पूरी तरह से धुल गया।
अब तीसरे दिन के खेल में 98 ओवर फेंके जाएंगे और यह खेल 15 मिनट पहले यानी 9:15 बजे से शुरू हो जाएगा। दूसरे दिन के खेल में सिर्फ 2 विकेट गिरे जिसमें भारत और न्यूजीलैंड का एक-एक विकेट गिरा।
LIVE SCORECARD
बारिश के कारण तय समय से पहले ही टी-ब्रेक होने तक न्यूजीलैंड ने एक विकेट पर 152 रन बना लिए थे। ओपनर टॉम लैथम (56) ने केन विलियम्सन (66) के साथ दूसरे विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी करके भारतीय गेंदबाजों को दूसरी सफलता के लिए तरसा दिया। भारत को एकमात्र सफलता लंच से पहले उमेश यादव ने मार्टिन गुप्टिल (21) को पगबाधा कर दिलाई थी।
इससे पहले दूसरे दिन के शुरुआती आधे घंटे के खेल में भारतीय पारी 318 रन बनाकर सिमट गई। पहले दिन भारत के 9 विकेट महज 277 रनों पर गिर गए थे, लेकिन इसके बाद 10वें विकेट के लिए रविंद्र जडेजा (नाबाद 42, 7 चौका और एक छक्का) ने उमेश यादव (9) के साथ 41 रनों की साझेदारी कर टीम को 300 के पार पहुंचाने के साथ ही शुरुआती आधा घंटा आराम से निकाल दिया। जडेजा ने दूसरे दिन की शुरुआत में तेज बल्लेबाजी शुरू कर दी और एक छक्का भी जड़ा। वह तेजी से रन बना रहे थे लेकिन इस बीच उमेश को नील वैगनर ने अपना शिकार बना ही लिया।
मेहमान टीम के लिए फिरकी गेंदबाज मिचेल सटेंनर और ट्रेंट बोल्ट ने 3-3 विकेट झटके तो नील वैगनर ने 2 जबकि मार्क क्रेग और ईश सोढ़ी को एक-एक सफलता हासिल हुई।
मेजबान टीम इंडिया के लिए यह मैच बेहद खास है क्योंकि टेस्ट इतिहास में उसका 500वां मैच है और इस उपलब्धि को हासिल करने वाली इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बाद दुनिया की चौथी टीम बन गई है।