भारत और बांग्लादेश के बीच फातुल्लाह टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल भी बारिश की भेंट चढ़ गया। दिनभर बारिश ने अपना प्रकोप बनाए रखा जिस कारण शुरुआती सत्र में 30 ओवर ही डाले जा सके और इसके बाद बारिश का आना-जाना लगा रहा जिसके कारण लंच के बाद का खेल शुरू नहीं कराया जा सका।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
चौथे दिन का खेल शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 462 रन पर घोषित कर दी। लेकिन बारिश ने टीम इंडिया की मैच में जीत की योजना पर पानी डाल दिया कल मैच का अंतिम दिन है और इस दिन भी भारी बारिश की संभावना बनी है। मैच का अब कोई रिजल्ट नहीं निकलने वाला।
बारिश ने लंच के थोड़े पहले जिस समय खेल में बाधा डाली उस समय मेजबान टीम ने 111 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। क्रीज पर ओपनर इमरुल कायेस (59) और शाकिब अल हसन (0) खेल रहे थे।
बांग्लादेश टीम इंडिया की पहली पारी के आधार पर अभी 351 रन पीछे है। कल मैच का अंतिम दिन है और मैच का कोई परिणाम नहीं निकलने वाला। मैच के पहले 3 दिन भी लगातार बारिश की चपेट में रहे हैं।
फिरकी गेंदबाजों के 'माहौल' को बारिश ने बिगाड़ दिया
विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया पहली बार विदेश में टेस्ट में जीत का सपना संजोए हुई थी लेकिन बारिश ने उसकी उम्मीदों पर पानी डाल दिया। इस दौरे पर दोनों के बीच एक ही टेस्ट मैच खेला जाना है।
इसके बाद भारत इस दौरे में महज एक टेस्ट के अलावा तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा। वनडे सीरीज का पहला मैच 18 जून को खेला जाएगा, जबकि दूसरा 21 जून और तीसरा मुकाबला 24 जून को होगा। सभी मैच मीरपुर में खेले जाएंगे।
चौथे दिन भारत को उम्मीद थी कि बांग्लादेश की पहली पारी को सस्ते में समेट कर जीत की कुछ संभावना बना लेंगे। आर अश्विन ने शुरुआत में ही तमिम इकबाल को स्टंप आउट कराकर इसे सही भी साबित किया। लेकिन दूसरे विकेट के लिए इमरुल कायेस और मोमिनुल हक ने 81 रनों की साझेदारी कर भारत को कुछ तनाव में ला दिया।
लेकिन दो साल बाद वापसी करने वाले हरभजन सिंह ने मोमिनुल हक को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। हक 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके अगले ओवर में अश्विन ने अपनी दूसरी सफलता हासिल करते हुए कप्तान मुशफिकर रहीम को भी चलता कर दिया। भारत ने 2 रन के अंदर 2 विकेट झटक लिए लेकिन इसके बाद बारिश ने आगे का खेल नहीं होने दिया।
लगातार हो रही बारिश ने बतौर कप्तान विराट कोहली के पहली टेस्ट जीत हासिल करने के इंतजार को बढ़ा दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन जहां महज 56 ओवर का ही खेल हो सका था, वहीं दूसरे दिन बृहस्पतिवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। बतौर टेस्ट कप्तान अपनी पहली जीत हासिल करने की कोशिशों में जुटे कोहली भी बारिश के इस खेल से जरूर निराश होंगे। मैच के पहले दिन भी 56 ओवरों का ही खेल हो पाया था।