पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनकर रही। धमाकेदार शुरुआत करने वाले टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज और कप्तान रोहित शर्मा के रूप में भारत को पहला झटका लगा। वह केवल नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर शफीउल इस्लाम ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर चलता किया।
इसके बाद सातवें ओवर में भारत को केएल राहुल के रूप में दूसरा झटका लगा। ओवर की तीसरी गेंद पर अनीमुल इस्लाम ने राहुल (15) को कप्तान महमूदुल्लाह के हाथों कैच आउट कराया और अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। दूसरे विकेट के लिए राहुल और धवन के बीच 26 रन की साझेदारी हुई।
10.2 ओवर में बांग्लादेश की टीम को श्रेयस अय्यर (22) के रूप मं तीसरी सफलता मिली। अनीमुल इस्लाम ने अय्यर को डेब्यू खिलाड़ी मोहम्मद नईम के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। तीसरे विकेट के लिए धवन और अय्यर के बीच 34 रन का साझेदारी हुई।
इसके बाद शिखर धवन के रूप में भारत का सबसे बड़ा विकेट गिरा। वह 14.5 ओवर में रनआउट हो गए। धवन ने 42 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाए। इसके अलावा डेब्यू ऑलराउंडर शिवम दुबे एक रन बनाकर चलते बने। अफीफ हुसैन ने उन्हें अपना शिकार बनाया। वहीं, ऋषभ पंत ने 27 रन का योगदान दिया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर (14*) और क्रुणाल पांड्या (15*) रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं, बांग्लादेश की तरफ से शफीउल इस्लाम और अनीमुल इस्लाम ने दो-दो, जबकि अफीफ हुसैन ने एक विकेट चटकाए।
इससे पहले बांग्लादेश कप्तान महमुदुल्लाह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से ऑलराउंडर शिवम दुबे तो वहीं बांग्लादेश की तरफ से मोहम्म्द नईम को डेब्यू करने का मौका मिला है।
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, खलील अहमद।
बांग्लादेश : लिटन दास, सौम्या सरकार, मोहम्मद नईम, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह (कप्तान), अफिफ हुसैन, मोसद्देक हुसैन, शफीउल इस्लाम, अनीमुल इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान, अल-अमीन हुसैन।