चेन्नई में हुए आईपीएल-8 के रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता को 2 रन से हराकर आईपीएल की शीर्ष की कुर्सी दोबारा कब्जा दी है। चेन्नई के 6 विकेट पर 134 के जवाब में कोलकाता 9 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें
चेन्नई के दिए आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के कप्तान पहले ही ओवर में बिना कोई खाता खोले पवेलियन चले गए। हालांकि उसके बावजूद रॉबिन उथप्पा के साथ क्रीज पर पहुंचे मनीष पांडे ने तेज खेल जारी रखते हुए चेन्नई को मुश्किल में डाला। एक तरफ उथप्पा तेजी से रन बना रहे तो दूसरी ओर पांडे उनका साथ बखूबी दे रहे थे। 5 ओवर में टीम ने 50 रन पूरे किए, लेकिन छठे ओवर में आर अश्विन ने खतरनाक लग रहे रॉबिन उथप्पा (39) को आउट कर अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। अश्विन के अगले ओवर में मनीष पांडे (15) भी चलते बने।
13वें ओवर में ड्वेन ब्रावो के शानदार कैच ने चेन्नई को चौथी सफलता दिलाई। सूर्यकुमार यादव (16) के रुप में कोलकाता को एक और झटका लगा। लगातार गिर रहे विकेटों से कोलकाता के बल्लेबाजों के रन बनाने की रफ्तार धीमी हो गई। सीरीज में लगातार फ्लॉप चल रहे युसूफ पठान (13) इस मैच में भी नहीं चले। ब्रावो ने उन्हें बोल्ड किया। 17वें ओवर में रविंद्र जडेजा की शानदार फिल्डिंग के चलते चेन्नई को छठी सफलता मिली।
आंद्रे रसैल 4 रन बनाकर रन आउट हुए। 18वें ओवर में ब्रावो ने दो और विकेट लेकर टीम की झोली में सातवीं और आठवीं सफलता डाली। 19वें ओवर में आशीष नेहरा की दो गेंद पर कोलकाता के पुछल्ले बल्लेबाज रियान टेन (नाबाद 34) ने दो लगातार छक्के लगाकर एक बार चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के चेहरे पर शिकन जरुर डाल दी थी, लेकिन आखिर में चेन्नई ने बाजी मारी।