बांग्लादेश ने लिटन दास (126 रिटायर्ड हर्ट) के दूसरे वनडे शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से पहले वनडे में जिंबाब्वे को 169 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह बांग्लादेश क्रिकेट के वनडे इतिहास की रनों के अंतर मामले में अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
रविवार को खेले गए मैच में जिंबाब्वे की टीम 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 39.1 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। वेस्ली मधीवेरे (35), टिनोटेंडा मुतोम्बोजी (24) और रिचमंड मुतुंबामी (17) रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद सैफद्दीन ने तीन और मशरफे मुर्तुजा व मेहदी हसन मिराज ने दो-दो विकेट चटकाए।
इससे पहले बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए छह विकेट पर 321 रन बनाए। लिटन ने तमीम इकबाल (24) के साथ पहले विकेट के लिए 60 और नजमुल हुसैन (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े। मोहम्मद मिथुन ने 50, महमूदुल्लाह ने नाबाद 32 और सैफुद्दीन ने नाबाद 28 रन बनाए। लिटन ने 105 गेंदों की अपनी पारी में 13 चौके और दो छक्के जड़े। जिंबाब्वे के लिए क्रिस एमपोफू ने दो विकेट लिए।