मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के प्रदर्शन और संन्यास को लेकर हो रही चर्चा से नाराज पूर्व भारतीय खिलाड़ी अनिल कुंबले ने कहा है कि सचिन को फिलहाल अकेले छोड़ देना चाहिए। उन्हें सम्मान दिया जाना चाहिए जिसके वह हकदार हैं।
सचिन के लगातार खराब प्रदर्शन के बारे में कुंबले ने कहा कि यह समय सचिन पर उंगली उठाने का नहीं बल्कि उनका समर्थन करने का है। कई बार ऐसे मौके आए हैं जब भारतीय टीम केवल सचिन के कारण ही मैच जीती है। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि उनके कारण टीम ने कभी कोई मैच हारा हो।
कुंबले ने कहा कि इस समय सबसे अच्छा है कि हम सचिन को अकेला छोड़ दें। सचिन इस समय जिस स्थिति में है और कोई उनकी स्थिति में नहीं है। सचिन के अलावा कोई ऐसा नहीं है जिसने 192 टेस्ट खेले हैं या 34 हजार रन बनाए हों। सचिन का अपना एक स्थान है और वह अपनी इन उपलब्धियों के लिए सम्मान के हकदार हैं।
एक मैगजीन में लिखे अपने लेख में कुंबले ने कहा कि पिछले 23 वर्षों से सचिन क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। वह एक महान खिलाड़ी हैं। मुझे नहीं लगता सचिन को किसी की भी सलाह की जरूरत है। उन्हें इस समय केवल जरूरत है कि लोग उनकी राह से हट जाएं ताकि वह अपने खेल पर एकाग्र होकर रन बना सकें।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि सचिन ही नहीं बल्कि इस दौर से कई खिलाड़ियों को गुजरना पड़ा है। उन्होंने साथ ही सचिन के टीम में जगह को लेकर उठाए गए सवालों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कुंबले ने साथ ही उम्मीद व्यक्त की सचिन ऐसे खिलाड़ी हैं जो जल्द ही खेल में वापसी कर अपने आलोचकों को करारा जवाब देंगे।