ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मिली करारी हार के बाद टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी के अगले दौरे में खेलने की सलाह दी है। गावस्कर का कहना है कि अब भारतीय बल्लेबाजों को बिना किसी बहाने के इस घरेलू प्रतियोगिता में खेलना चाहिए जिससे तकनीकी कमियों को दूर किया जा सके।
गावस्कर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन चिंताजनक है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ स्वदेश में 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था जबकि ऑस्ट्रेलिया में टीम को 1-3 से हार झेलनी पड़ी। मालूम हो कि पिछले साल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सभी खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य किया था, लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी इसमें हिस्सा नहीं ले रहे थे।
'घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने वालों के खिलाफ कड़े फैसले लेने होंगे'
गावस्कर ने से कहा, 23 जनवरी को रणजी ट्रॉफी का अगला दौर है। देखते हैं कि इस टीम के कितने खिलाड़ी खेलते हैं। नहीं खेल पाने का कोई बहाना नहीं होना चाहिए। अगर आप उन मुकाबलों में नहीं खेलते हैं तो गौतम गंभीर को उन खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ कड़े फैसले लेने होंगे जो रणजी ट्रॉफी के लिए उपलब्ध नहीं हैं। गंभीर को कहना चाहिए कि तुम्हारे पास वह प्रतिबद्धता नहीं है। हमें प्रतिबद्धता की आवश्यकता है। तुम खेल नहीं रहे हो तो तुम जो करना चाहते हो, करो लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए तुम टेस्ट टीम में वापस नहीं आ सकते।
गावस्कर ने कहा कि उपलब्ध अवसरों पर घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने के कारण भारतीय बल्लेबाजों के रवैये में खामियां आ गई हैं। उन्होंने कहा, मैंने जो देखा वह तकनीकी कमियां थीं। यदि आप समान गलतियां कर रहे हैं और मैं केवल इस सीरीज के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। मैं न्यूजीलैंड सीरीज के बारे में भी बात कर रहा हूं, आपने भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्या किया?
गावस्कर बोले - डब्ल्यूटीसी के अगले चक्र के लिए घरेलू क्रिकेट महत्वपूर्ण
गावस्कर ने कहा कि आगामी 2025-2027 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र को देखते हुए घरेलू क्रिकेट महत्वपूर्ण हो जाता है और भारत को अब यशस्वी जायसवाल और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे युवा क्रिकेटरों पर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, वे भारत और खुद के लिए नाम कमाने के लिए भूखे हैं। ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है। आपको ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो अपने विकेट की रक्षा अपनी जान की तरह करें। इसलिए मुझे दिलचस्पी है कि 23 जनवरी को रणजी ट्रॉफी मैचों में कौन खेलेगा? मैं यह देखना चाहता हूं। क्योंकि उस समय इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच होंगे। लेकिन जो लोग टी20 नहीं खेल रहे हैं वे रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे या नहीं?