बीसीसीआई ने बताया है कि सेमीफाइनल और फाइनल के टिकट फैंस कैसे खरीद सकते हैं। सभी फैंस के पास टिकट खरीदने का मौका हो, इसलिए बोर्ड ने यह भी बताया है कि टिकटों की बिक्री कब शुरू होगी।
वनडे विश्व कप 2023 अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है। अब सभी टीमें अपना आखिरी लीग मैच खेल रही हैं और अगले सप्ताह सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होने हैं। ऐसे में बीसीसीआई ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले के टिकट भी जारी करने का फैसला किया है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बताया है कि टिकट खरीदने का अंतिम मौका आज ही मिलेगा।
विज्ञापन
बोर्ड ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी फैंस के पास टिकट खरीदने का मौका हो। इसी वजह से बोर्ड ने नॉकआउट मुकाबलों के टिकट जारी करने से पहले सभी को सूचित किया है। बीसीसीआई ने अपनी मीडिया रिलीज में लिखा "आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 अपने समापन की ओर पहुंच रहा है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) गुरुवार को टिकटों का अंतिम बैच जारी करेगा।
तीन प्रमुख मैच - पहला सेमीफाइनल (15 नवंबर ), दूसरा सेमीफाइनल (16 नवंबर) और 19 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले के टिकटों की बिक्री नौ नवंबर को रात 8:00 बजे शुरू होगी। फैंस विश्व कप की आधिकारिक टिकटिंग वेबसाइट https://tickets.cricketworldcup.com पर जाकर टिकट खरीद सकते हैं। विश्व कप के रोमांच का अनुभव करने और एक नए चैंपियन की ताजपोशी को व्यक्तिगत रूप से देखने के इच्छुक क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह टिकट खरीदने का आखिरी मौका होगा।"
विज्ञापन
फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर भारत
भारतीय टीम ने इस विश्व कप में शानदार खेल दिखाया है। अब तक अजेय रहते हुए टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। अब भारत फाइनल में जगह बनाने से एक जीत दूर है। भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। सेमीफाइनल में बचे एक स्थान के लिए न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला है। इंग्लैंड, बांग्लादेश, नीदरलैंड और श्रीलंका की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी हैं।