मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट ने दासुन शनाका को टीम की कमान सौंपने का फैसला कर लिया है जो अनुबंध पर हस्ताक्षर करने वाले पहले खिलाड़ी थे। 29 वर्षीय शनाका आक्रामक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज है। वह पिछले पांच वर्षों में श्रीलंका के कप्तान बनने वाले 10वें खिलाड़ी होंगे। उपुल थरंगा, एंजेलो मैथ्यूज, चमारा कापूगेदरा, लसिथ मलिंगा, दिनेश चंदीमल, एंजेलो मैथ्यूज, लेसिथ मलिंगा, दिमुथ करुणारत्ने और परेरा ने 2017 के शुरू से लेकर श्रीलंका की कमान संभाली है। शनाका ने 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला में कप्तानी की थी, जिसमें उनकी टीम ने क्लीन स्वीप किया था।
बता दें कि श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को तीन वन-डे और इतने ही टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। 18 जुलाई से वन-डे सीरीज की शुरुआत होगी। पहले से तय शेड्यूल के मुताबिक, वन-डे सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से होने वाली थी। दूसरा व तीसरा वन-डे क्रमशः 16 और 18 जुलाई को खेला जाना था। इसके बाद 22 जुलाई से टी-20 सीरीज खेली जानी थी। मगर श्रीलंका टीम के बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर और डेटा विश्लेषक जीटी निरोशन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद बीसीसीआई और क्रिकेट श्रीलंका ने इसे पांच दिन आगे बढ़ा दिया।