भारतीय क्रिकेट में कप्तानी को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। रोहित शर्मा को वनडे फॉर्मेट में कप्तान बनाए जाने के बाद से शुरू हुए विवाद ने नया रूप ले लिया है। इसके बाद भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली को खुद बयान देने के लिए सामने आना पड़ा। हालांकि, उन्होंने मीडिया को दिए जवाब में कई बड़े खुलासे किए।
विराट ने कहा कि उन्हें टी-20 की कप्तानी छोड़ने से नहीं रोका गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खुशी-खुशी उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया। अब बीसीसीआई ने कोहली के इस बयान पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कोहली को सितंबर में ही बता दिया गया था कि सीमित ओवर क्रिकेट में दो अलग-अलग कप्तान नहीं रहेंगे।
एक सीनियर बोर्ड अधिकारी ने विराट के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कहा कि दो अलग-अलग कप्तान को लेकर विराट को आगाह कर दिया गया था। विराट ने इसके बावजूद खुद ही टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी।
बीसीसीआई अधिकारी ने क्या कहा?
बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि विराट से सितंबर में ही कप्तानी पर बात कर ली गई थी। तभी उन्हें टी-20 की कप्तानी छोड़ने से रोकने की कोशिश की गई थी। उनके नहीं मानने पर चेतावनी भी दी कि सीमित ओवर क्रिकेट में दो अलग-अलग कप्तान नहीं हो सकते। वनडे और टी-20 में एक ही कप्तान रखा जाएगा।
विराट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
विराट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के उस दावे को गलत बताया, जिसमें गांगुली ने कहा था कि विराट को टी-20 की कप्तानी छोड़ने से रोका गया था। विराट ने कहा कि बोर्ड ने मेरे फैसले को एक सकारात्मक कदम बताया था। वहीं, वनडे कप्तानी से हटाए जाने की सूचना उन्हें द़क्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा से डेढ़ घंटे पहले दी गई। इससे पहले बीसीसीआई ने उनसे कोई बातचीत नहीं की थी।