टीम इंडिया के भविष्य के कप्तान माने जा रहे विराट कोहली भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 4000 रन बनाने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। पिछली कुछ पारियों से नाकाम हो रहे कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 77 रनों की पारी खेलकर अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज कर लिया।
विराट ने 96 मैचों की 93वीं पारी में 4000 रन पूरे करने का मुकाम हासिल किया। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली का 105 पारियों में 4000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड को पीछे छोड दिया। गांगुली ने इस उपलब्धि के लिए 110 मैच खेले थे जबकि विराट 96 मैचों में इस उपलब्धि पर पहुंच गए। वनडे में सर्वाधिक रनों और शतकों के विश्वरिकार्डधारी सचिन तेंदुलकर ने 4000 रन पूरे करने के लिए 115 मैच और 112 पारियां खेली थीं।
इसके अलावा कोहली सबसे तेज 4000 रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वनडे में सबसे तेज 4000 रन पूरा करने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स के नाम है, जिन्होंने 88 पारियों में इस उपलब्धि को हासिल किया था। रिचर्ड्स ने भी इसके लिए 96 मैच खेले थे। मैचों के मामले में विराट कैरेबियाई तूफान रिचर्ड्स की बराबरी पर आते हैं और पारी के मामले में वह उनसे सिर्फ पांच पारी ही पीछे रहते हैं।
विराट के इस मैच से पहले तक 95 मैचों में 49.38 के औसत से 3951 रन थे। उन्होंने अपना 49वां रन बनाने के साथ ही यह शानदार उपलब्धि अपने नाम कर ली। विराट वनडे में 4000 रन पूरे करने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी हैं। वर्ष 2008 में 18 अगस्त को दांबुला में श्रीलंका के खिलाफ अपना एकदिवसीय कैरियर शुरू करने वाले कोहली ने इसके बाद से लगातार अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया है। पिछले साल कोहली ने 17 मैचों में 1026 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे थे।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।