कोलकाता नाइट राइडर्स ने मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आठ विकेट से जीत हासिल की। केकेआर इस जीत के साथ फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। कोलकाता की इस खास जीत में रहमानुल्लाह गुरबाज ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 14 गेंदों में 23 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर केकेआर को अच्छी शुरुआत दिलाई। इस दौरान उन्होंने 164.28 के स्ट्राइक रेट से दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। मैच के बाद अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपेने दिल का हाल बयां किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां अस्पताल में भर्ती हैं।
दरअसल, फिल सॉल्ट के स्वदेश लौटने के बाद कोलकाता के सामने सलामी बल्लेबाज की चुनौती थी। ऐसे में कप्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज पर भरोसा जताया और उन्हें प्लेइंग 11 में मौका दिया। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने भी टीम मैनेजमेंट के इस भरोसे को बरकरार रखा और केकेआर को अच्छी शुरुआत दिलाई। मैच के बाद उन्होंने बताया कि उनकी मां की तबियत खराब है। इसके बावजूद वह यहां मैच खेल रहे हैं।
गुरबाज का भावुक कर देने वाला बयान
गुरबाज ने कहा, "मेरी मां अभी भी अस्पताल में हैं, मैं उनसे हर दिन बात करता हूं। लेकिन मुझे पता था कि फिल साल्ट के जाने के बाद केकेआर परिवार को मेरी यहां जरूरत है। इसलिए मैं अफगानिस्तान से वापस आया, और मैं यहां खुश हूं। मेरी मां भी मेरे लिए खुश हैं।" इस खिलाड़ी ने पिछले सीजन केकेआर के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था। आईपीएल 2023 में उन्होंने 11 मैचों में 227 रन बनाए थे। वहीं, हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने इस सीजन का पहला मुकाबला खेला।
क्वालिफायर-1 में कोलकाता की जीत
दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए क्वालिफायर-1 मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया और हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर शान से फाइनल में जगह बनाई। केकेआर के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अगुआई में गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद अर्धशतक जड़कर टीम को जीत दिलाई। कोलकाता की टीम तीन बार क्वालिफायर-1 खेल चुकी है और तीनों ही मौकों पर उसे जीत मिली है। केकेआर ने क्वालिफायर-1 में अजेय रहने का अपना रिकॉर्ड हैदराबाद के खिलाफ भी बरकरार रखा।