जब किसी टीम में क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और विराट कोहली जैसे विध्वंसक बल्लेबाज हों और तीनों का बल्ला एक साथ चल निकले तो समझिए कि इनके सामने कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं हो सकता। हुआ भी कुछ ऐसा ही। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) टीम आईपीएल-9 के तहत सोमवार को आमने-सामने थीं।
लाइव स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
केकेआर के 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत आसान जीत दर्ज की। दोनों ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए अपनी टीम को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई। आरसीबी की तरफ से इकलौता विकेट क्रिस गेल का गिरा। वह 49 रन बना के आउट हुए।
केकेआर ने आरसीबी को 184 रन का लक्ष्य दिया था लेकिन उसके इस लक्ष्य को बौना साबित किया आरसीबी की तिकड़ी ने। आरसीबी ने कप्तान कोहली (75*), डीविलियर्स (59*) और गेल (49) की शानदार पारियों की बदौलत आठ गेंद शेष रहते एक विकेट खोकर 186 रन बनाकर केकेआर को नौ विकेट से पराजित कर दिया। इस जीत से आरसीबी के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कायम है।
कोहली और डीविलियर्स ने दूसरे विकेट के लिए 11.1 ओवर में 115 रन की अटूट साझेदारी की। आरसीबी के कप्तान ने 51 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए वहीं डीविलियर्स ने 31 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत शानदार रही।
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज गेल और कोहली ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 71 रन जोड़े। हालांकि गेल दुर्भाग्यशाली रहे जो एक रन से अपना अर्धशतक चूक गए। उन्होंने 31 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्के लगाए।