केकेआर और आरसीबी टीम यूएई में तीन बार भिड़ चुकी है। इसमें विराट की टीम ने दो बार बाजी मारी। वहीं, मोर्गन की टीम को एक बार कामयाबी मिली। जानिए दोनों टीमों के आंकड़े...
आईपीएल 2021 के 31वें मैच में दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) से होगा। यह मुकाबला अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे टॉस होगा और 7:30 बजे से मैच शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
बैंगलोर की टीम ने अब तक इस आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम अपने सात में से पांच मैच जीतकर 10 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है। वहीं, कोलकाता इस सीजन कुछ खास नहीं कर सकी है। टीम सात में से पांच मैच हारकर चार अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लगभग सभी मैच जीतने होंगे।
बैंगलोर vs कोलकाता मैच के आंकड़े
आईपीएल 2021 में कोलकाता vs बैंगलोर
- फोटो : अमर उजाला
आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमें अब तक 27 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से कोलकाता ने 13 मैच और बेंगलुरु ने 14 मैच जीते हैं। हालांकि, बैंगलोर ने कोलकाता के खिलाफ अपने पिछले चारों मुकाबले जीते हैं। ऐसे में टीम लगातार पांचवां मैच जीतने उतरेगी। कोलकाता ने बैंगलोर के खिलाफ पिछला मैच अप्रैल 2019 में जीता था। दोनों के बीच हुए पिछले 10 मुकाबलों में दोनों टीमों ने पांच-पांच मैच जीते हैं।
केकेआर और आरसीबी टीम यूएई में तीन बार भिड़ चुकी है। इसमें विराट की टीम ने दो बार बाजी मारी। वहीं, मोर्गन की टीम को एक बार कामयाबी मिली। साल 2020 में बैंगलोर ने दोनों मैचों में जीत हासिल की। वहीं, इस साल पहले फेज में भी दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं। तब ग्लेन मैक्सवेल के 78 रन और एबी डिविलियर्स के नाबाद 76 रन की बदौलत बेंगलुरु ने कोलकाता को हराया था। ऐसे में अबू धाबी में होने वाले मैच में एकबार फिर आरसीबी का पलड़ा भारी लग रहा है।
बैंगलोर की बल्लेबाजी बेहद मजबूत
बैंगलोर टीम की बल्लेबाजी इस सीजन मजबूत नजर आ रही है। मैक्सवेल के आने से इसमें सुधार हुआ है। टॉप ऑर्डर में खुद कप्तान कोहली और देवदत्त पडिक्कल हैं। दोनों ने अब तक कई मैचों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। मध्यक्रम में मैक्सवेल और डिविलियर्स जैसे बल्लेबाज होंगे। वहीं, निचले क्रम में वानिंदु हसारंगा भी उपयोगी पारी खेल सकते हैं।
मिस्ट्री स्पिनर हसारंगा को मिल सकता है मौका
आईपीएल 2021 में कोलकाता vs बैंगलोर
- फोटो : अमर उजाला
आरसीबी की गेंदबाजी भी इस सीजन में कमाल की रही है। तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अब तक सीजन के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और जेमिसन उनका अच्छा साथ निभा सकते हैं। स्पिन की जिम्मेदारी युजवेंद्र चहल पर होगी। इसके अलावा उनकी मदद के तौर पर पवन देशपांडे या शाहबाज अहमद में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
यह देखना होगा कि विराट मिस्ट्री स्पिनर हसारंगा को आरसीबी टीम में जगह देते हैं या नहीं। उन्होंने हाल ही में हुए भारत के खिलाफ सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और सीरीज के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे।
कोलकाता नाइटराइडर्स की राह बेहद मुश्किल
कोलकाता टीम की बात करें तो अब तक उनके लिए कुछ भी सही नहीं हुआ है। टीम को अंतिम चार में पहुंचने के लिए कम से कम छह मैच जीतने होंगे। इसके साथ ही रन रेट को भी सुधारना होगा। ऐसे में एक भी गलती टीम को भारी पड़ सकती है। कप्तान इयोन मोर्गन के लिए मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
पैट कमिंस के हटने के बाद दूसरे फेज में गेंदबाजी चिंता का सबब होगा। वे पहले फेज में टीम के सबसे ज्यादा विकेट (नौ) लेने वाले गेंदबाज थे। कमिंस की जगह मोर्गन टिम साउदी या लोकी फर्ग्यूसन में से किसी एक को मौका दे सकते हैं।
वहीं, टीम की बल्लेबाजी भी कुछ खास नहीं रही है। सिर्फ एक बल्लेबाज ने 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। नीतीश राणा के नाम 201 रन हैं। इसके अलावा राहुल त्रिपाठी ने 187 रन बनाए हैं। बैंगलोर की बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए कप्तान मोर्गन उम्मीद करेंगे कि उनके गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी करें।
आईपीएल 2021 में कोलकाता vs बैंगलोर
- फोटो : अमर उजाला
सितंबर में यहां का मौसम 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। हाल ही में हुए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की मेजबानी अबू धाबी ने की थी। इस टूर्नामेंट में स्पिनर्स की अपेक्षा तेज गेंदबाजों ने ज्यादा विकेट लिए थे। ऐसे में आईपीएल में भी उन्हीं का बोलबाला रह सकता है।
आईपीएल 2021: इस सीजन में यहां कुल 8 मैच खेले जाएंगे।
आईपीएल 2020 में कुल मैच हुए: 20
पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती: 8
बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती: 12
मैच टाई: 1
पहली पारी में औसतन स्कोर: 140 रन
दूसरी पारी में औसतन स्कोर: 129 रन
कुल टी-20 मैच हुए: 53
पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती: 14
बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती: 19
पहली पारी में सर्वाधिक स्कोर: 206/4 (मुल्तान सुल्तांस)
दूसरी पारी में सर्वाधिक स्कोर: 206/4 (पंजाब किंग्स)