लखनऊ की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने बेहद खराब शुरुआत की। 14 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा। कर्ण शर्मा को हर्षित राणा ने तीन रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद प्रेरक मांकड़ और क्विंटन डिकॉक ने अच्छी साझेदारी कर टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। पावरप्ले में लखनऊ ने 54 रन बनाए। इसके बाद प्रेरक 26 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने। दो गेंद बाद ही वैभव स्टोइनिस को भी आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।
55 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद लखनऊ की टीम संघर्ष कर रही थी। ऐसे में कप्तान क्रुणाल ने डिकॉक के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी नौ रन बनाकर आउट हो गए। कुछ समय बाद डिकॉक भी 28 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए और लखनऊ का स्कोर 73/5 हो गया। इसके बाद आयुष बदोनी और निकोलस पूरन ने पारी संभाली दोनों ने छठे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। इस दौरान पूरन ने 28 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। बदोनी 18वें ओवर में 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पूरन भी 58 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। अंत में कृष्णप्पा गौतम ने लखनऊ का स्कोर 176 रन तक पहुंचाया।
कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा, शार्दुल ठाकुर और सुनील नरेन ने दो-दो विकेट लिए। हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला। कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा ने इस मैच में आठ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। इनमें से तीन का इकोनॉमी रेट 10 से ऊपर रहा।
कोलकाता की तूफानी शुरुआत
177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत शानदार रही। जेसन रॉय और वेंकटेश अय्यर ने दूसरे ओवर में ही टीम का स्कोर 30 रन तक पहुंचा दिया। पांच ओवर में कोलकाता की टीम 59 रन बना चुकी थी। इसके बाद कृष्णप्पा गौतम ने वेंकटेश अय्यर को 24 रन के स्कोर पर आउट किया। कोलकाता ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 61 रन बनाए। इसके बाद नीतीश राणा भी आठ रन बनाकर रवि बिश्नोई का शिकार बने। अगले ही ओवर में क्रुणाल पांड्या ने क्रीज पर जम चुके जेसन रॉय को आउट कर दिया। रॉय ने 28 गेंद में 45 रन बनाए।
रिंकू सिंह ने गुरबाज के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद गुरबाज भी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए। उन्होंने 10 गेंद में 15 रन बनाए। इसके बाद रवि बिश्नोई ने आंद्रे रसेल को सात रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया और लखनऊ की जीत लगभग तय कर दी। शार्दुल ठाकुर तीन रन और सुनील नरेन एक रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह ने 19वें ओवर में 20 रन बनाकर उम्मीदें जगाई। इस बीच उन्होंने 27 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। अंत में कोलकाता का टीम 175 रन ही बना सकी और एक रन से मैच हार गई। रिंकू सिंह 33 गेंद में 67 रन बनाकर नाबाद रहे।
कोलकाता को जीत के लिए आखिरी ओवर में 21 रन चाहिए थे। रिंकू ने इस ओवर में 19 रन बटोरे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। लखनऊ के लिए रवि बिश्नोई और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए। क्रुणाल पांड्या और कृष्णप्पा गौतम को एक-एक विकेट मिला।