टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़ी हार झेल चुकी गुजरात लायंस टीम बृहस्पतिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ प्ले ऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।
आईपीएल-9 में पदार्पण करने वाली गुजरात टीम के नियमित कप्तान सुरेश रैना की इस मुकाबले में वापसी हो रही है। शानदार फॉर्म में चल रहे हरफनमौला आंद्रे रसेल के रूप में केकेआर को तगड़ा झटा लगा है। ग्रीन पार्क में पहली बार होने वाले आईपीएल मुकाबले में लायंस टीम रसेल की अनुपस्थिति का फायदा उठाना चाहेगी।
दो बार की पूर्व चैंपियन केकेआर ने अब तक 12 मैच खेले हैं जिनमें से उसे सात में जीत मिली है जबकि पांच मुकाबलों में उसे शिकस्त झेलने पर मजबूर होना पड़ा है। केकेआर यदि इस मुकाबले को जीत लेती है तो वह प्लेऑफ के करीब पहुंच जाएगी जबकि लायंस के भी 12 मैचों से 14 अंक हैं।
लायंस ने लीग की शुरुआत शानदार तरीके से की थी और टीम कुछ समय तक तालिका में शीर्ष पर भी रही थी लेकिन इसके बाद उसके प्रदर्शन में गिरावट आई है। पिछले मैच में केकेआर को आरसीबी के हाथों 144 रन से हार मिली थी जो आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ी हार है।