पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत निराशाजनक रही, क्योंकि सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (12) के रूप में मेहमान टीम को पहला झटका लगा। संदीप लामीछाने ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर राहुल को स्टंप आउट कराया। इसके बाद पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कागिसो रबाडा ने पंजाब को मंयक अग्रवाल (2) के रूप में दूसरा झटका दिया।
7.1 ओवर में स्पिनर अक्षर पटेल ने पंजाब को डेविड मिलर के रूप में पंजाब को तीसरा झटका दिया। पटेल ने मिलर को डीप मिडविकेट पर तैनात पृथ्वी शॉ के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।इसके बाद 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर लामीछाने ने धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल को अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट कराया।
गेल ने 37 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 69 रन की धुआंधार पारी खेली। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लामीछाने ने सैम करन (0) को अपना शिकार बनाया। इसी के साथ पंजाब की आधी टीम डगआउट लौटी। 16.3 ओवर में अक्षर पटेल ने मंदीप सिंह (30) के रूप में पंजाब को छठा झटका दिया। पटेल ने मंदीप को विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच आउट कराया।
इससे पहले दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर ने पंजाब के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने कॉलिन इनग्राम, संदीप लामीछाने और शेरफेन रदरफोर्ड को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। वहीं, पंजाब ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए निकोलस पूरन की जगह सैम करन को शामिल किया है। इसके अलावा हरप्रीत बराड़ को भी टीम में जगह दी है। यह उनका डेब्यू मैच होगा।
दिल्ली की टीम लक्ष्य पंजाब के खिलाफ घरेलू मैदान में हार के सिलसिले को खत्म कर फिर से जीत की पटरी पर लौटने का होगा। टीम को गुरुवार को इसी मैदान पर मुंबई के हाथों 40 रन से शिकस्त मिली जोकि उसकी इस सत्र में घर में तीसरी और कुल चौथी हार थी। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम को घर में एकमात्र जीत कोलकाता के खिलाफ मिली थी। यह मैच भी टीम ने कोलकाता के खिलाफ टाई होने के बाद सुपर ओवर में जीता था।
टीम के घर के बाहर पांच में से चार मैच जीते हैं। उसे यह हार मोहाली में पंजाब से ही मिली थी। टीम अब पंजाब से उस हार कर हिसाब भी बराबर करना चाहेगी। दोनों ही टीमें अब तक IPL खिताब जीतने में नाकाम रही हैं और इस बार खिताब के सूखे को खत्म करना चाहेंगी।
दिल्लीः शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, कॉलिन इनग्राम, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, शेरफेन रदरफोर्ड, अक्षर पटेल, संदीप लामिछाने, अमित मिश्रा, कागिसो रबाडा, ईशांत शर्मा।
पंजाबः केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, डेविड मिलर, सैम करन, मनदीप सिंह, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), मुरुगन अश्विन, हरप्रीत बराड़, हार्डस विलोजेन, मोहम्मद शमी।