बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने शनिवार को प्रशासकों की समिति (सीओए) से हार्दिक पंड्या और केएल राहुल पर उनकी आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए लगाये गये निलंबन को हटाने का आग्रह किया और इस मामले में विशेष आम बैठक (एसजीएम) बुलाने से इन्कार कर दिया।
खन्ना ने कहा कि बोर्ड अधिकारियों की इन दोनों खिलाड़ियों के व्यवहार की जांच के लिए लोकपाल नियुक्त करने के लिए एसजीएम बुलाने की मांग सही नहीं है क्योंकि उच्चतम न्यायालय में अगले सप्ताह इस मामले पर सुनवाई होनी है। पंड्या और राहुल एक टीवी कार्यक्रम के दौरान अपनी आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए अभी निलंबन झेल रहे हैं और यह मामला उच्चतम न्यायलय में लंबित है।
खन्ना ने बीसीसीआई को संचालन कर रहे सीओए को पत्र में लिखा, 'उन्होंने गलती की और उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है और आस्ट्रेलिया से वापस बुलाया गया। उन्होंने बिना शर्त माफी भी मांग ली है।' उन्होंने कहा, 'मेरा सुझाव है कि जांच लंबित रहने तक हमें दोनों क्रिकेटरों को तुरंत प्रभाव से भारतीय टीम में शामिल करना चाहिए और उन्हें जल्द से जल्द न्यूजीलैंड में टीम से जुड़ने की अनुमति दी जानी चाहिए।'
सीओए चाहते हैं कि उच्चतम न्यायालय पंड्या और राहुल के भाग्य का फैसला करने के लिए लोकपाल की नियुक्ति करे। वे आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में नहीं खेल पाये थे और उनका न्यूजीलैंड श्रृंखला से भी बाहर रहना तय है।